बिहार के व्यावसायिक संघों ने कहा-फिलहाल नहीं करना कारोबार, लॉकडाउन लगाए सरकार
कंफेडरेशन आफ आल इंडिया ट्रेडर्स की बिहार इकाई के अध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा ने कहा है कि कोरोना महामारी का बिहार में भी विकराल रूप देखने को मिल रहा है। ऐसे में हमारी मांग है कि राज्य सरकार एक सप्ताह के लिए पूरी तरह से लॉकडाउन लगा दे।
जागरण संवाददाता, पटना: कंफेडरेशन आफ आल इंडिया ट्रेडर्स की बिहार इकाई के अध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा ने कहा है कि कोरोना महामारी का बिहार में भी विकराल रूप देखने को मिल रहा है। इसके बावजूद लोग बाजारों में घूम रहे हैं। स्थिति की गंभीरता को वे नहीं समझ रहे हैं। ऐसे में हमारी मांग है कि राज्य सरकार एक सप्ताह के लिए पूरी तरह से लॉकडाउन लगा दे।
इसबार हो रही अधिक मौतें
वर्मा ने कहा है कि सरकार की ओर से दवा, वैक्सीन, आक्सीजन, सहित हर तरह की व्यवस्था की गई है। इसके बावजूद पिछले साल की तुलना में इस साल कोविड से अधिक मौतें हो रही हैं। इसे देखते हुए कंफेडरेशन आफ आल इंडिया ट्रेडर्स की ओर से एक वचर्चुअल बैठक आयोजित की गई। इसमें संरक्षण टीआर गांधी, चेयरमैन कमल नोपानी, महासचिव डॉ. रमेश गांधी, प्रमंडलीय उपाध्यक्ष प्रिंस कुमार राजू सहित अन्य सदस्य शामिल हुए। इसमें एक सप्ताह के लिए पूर्ण रूप से लॉकडाउन लगाए जाने पर सहमति बनी।
अंतिम संस्कार के लिए भी लगानी पड़ रही लाइन
कमल नोपानी ने कहा कि अंतिम संस्कार के लिए भी लाइन लगानी पड़ती रही है। इसलिए लॉकडाउन जरूरी हो गया है। पूर्ण रूप से लॉकडाउन लगते ही कोरोना की चेन टूट जाएगी। रमेश गांधी ने कहा है कि लॉकडाउन से ही लोगों की जान बचाई जा सकती है। अशोक कुमार वर्मा ने अपील की है कि सभी व्यावसायिक संगठनों को इस प्रस्ताव का समर्थन करना चाहिए। उन्होंने कहा है कि व्यापार तो तभी कर सकेंगे जब हम जीवित रहेंगे। जान है तभी जहान है।
देर हो रही, तुरंत लगे लॉकडाउन
उधर, बिहार महिला उद्योग संघ की अध्यक्ष ऊषा झा ने कहा है कि लॉकडाउन लगाने में बहुत देर हो चुकी है। भारी संख्या में लोग संक्रमण के शिकार हो चुके हैं। सैकड़ों लोगों की मौत हो चुकी है। अगर सरकार पूर्ण रूप से लॉकडाउन नहीं लगाती है तो आगे भी यह सिलसिला बना रहेगा। इसलिए जरूरी है कि तुरंत लॉकडाउन लगा दिया जाए।