Bihar Weather: बिहार में बदलने लगा मौसम का मिजाज, जानें दशहरा पर क्या पड़ेगा इसका असर
Bihar Weather Forecast बिहार में दो साल के बाद दशहरा के मौके पर दिखेगा बदला मौसम चार दिनों तक पटना व आसपास का मौसम रहेगा सामान्य अक्टूबर के अंत तक गुलाबी ठंड का एहसास पटना का अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस प्रदेश से हुई मानसून की विदाई
पटना, जागरण संवाददाता। Bihar Weather Forecast: बिहार में दशहरा के मौके पर इस बार मौसम लोगों का भरपूर साथ देगा। ऐसा दो साल के बाद हो रहा है। वर्ष 2019 और 2020 में दशहरा के दौरान भी पटना सहित राज्य के तमाम शहरों में बारिश हो रही। इसका असर मेले पर पड़ा था। 2019 में तो लगातार बारिश के कारण पटना के ज्यादातर इलाकों में जलजमाव की भी स्थिति हो गई थी। पटना के मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार इस बार दशहरा के दौरान राज्य में बारिश की संभावना नहीं के बराबर है। बारिश की गतिविधियों पर पूरी तरह विराम लग चुका है।
15 अक्टूबर तक मौसम शुष्क रहने के आसार
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरे बिहार व झारखंड से विदा हो गया है। दो दिनों बाद मध्यप्रदेश, पश्चिम बंगाल के अधिकांश हिस्सों से एवं महाराष्ट्र और उत्तर-पूर्व भारत के कुछ हिस्सों से मानसून की विदाई के आसार है। प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान मौसम सामान्य रहा और अगले 24 घंटों के दौरान मौसम सामान्य रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग की ओर से 15 अक्टूबर तक मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।
अक्टूबर के अंत तक होने लगेगा गुलाबी ठंड का अहसास
प्रदेश में मौसम को लेकर किसी प्रकार को कोई सिस्टम नहीं बन रहा है हालांकि प्रदेश में पश्चिमी हवाओं का प्रभाव है। पश्चिमी हवाओं के प्रभाव के कारण प्रदेश के तापमान में थोड़ी बहुत गिरावट के आसार हैं। अक्टूबर के अंत तक प्रदेश में लोगों को गुलाबी ठंड का एहसास होगा। नवंबर के दूसरे सप्ताह से दिन में हल्की ठंड का असर दिखाई पड़ेगा।
गया से अधिक रहा पटना और भागलपुर का तापमान
प्रदेश में बारिश की गतिविधियां रुकने से 24 घंटों के दौरान 38 जिलों में बारिश नहीं हुई है। प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस माधोपुर में दर्ज किया गया वहीं पटना का अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री, गया का 33.1 डिग्री, भागलपुर का 33.5 डिग्री दर्ज किया गया।