Patna Weather Update: बिहार में अब शुरू होगा ठंड का कहर, बारिश के साथ तेजी से गिरेगा तापमान
Bihar Weather Forecast बिहार में अब ठंड का असर शुरू होने वाला है। इसकी शुरुआत बारिश से होगी। बारिश के साथ ही राज्य में तापमान तेजी से गिरेगा। जानिए क्या कह रहे हैं पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी...
पटना, जागरण संवाददाता। Bihar Weather Forecast: बिहार में मौसम का मिजाज बदल रहा है। सुबह में हल्के कुहासे और धूप निकलने के बाद मौसम सामन्य होने के साथ ही रात के तापमान में वृद्धि देखने को मिल रही है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, प्रदेश में अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश का मौसम शुष्क बने रहने के साथ न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री गिरावट का पूर्वानुमान है। मौसम विज्ञानी संजय कुमार ने बताया कि इन दिनों एक ट्रफ लाइन तमिलनाडु से पश्चिमी बंगाल होकर गुजर रही है। इसके कारण प्रदेश में पूर्वी हवा का प्रवाह बढ़ा है। इन कारणों से 19 से 25 नवंबर के बीच दक्षिण बिहार के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं।
गोपालगंज में 14 डिग्री तक चला गया था पारा
पटना के मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक 25 नवंबर के बाद प्रदेश के न्यूनतम पारे में धीरे-धीरे गिरावट होने के आसार हैं। प्रदेश का न्यूनतम तापमान 14 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। गोपालगंज 14.4 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा रहा। वहीं, पटना का अधिकतम तापमान 29.0 और न्यूनतम 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस बीच पटना में वायु गुणवत्ता सूचकांक लगातार चिंताजनक बना हुआ है। पटना में एयर क्वालिटी इंडेक्स 200 के आसपास रिकार्ड किया जा रहा है, जिसे खराब माना जाता है।
- बिहार के न्यूनतम और अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की आएगी गिरावट
- 19 से 25 नवंबर के बीच दक्षिण बिहार के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी के आसार
- 25 के बाद प्रदेश के न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने की संभावना
- 14.4 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश में गोपालगंज रहा सबसे ठंडा
- 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया पटना का न्यूनतम तापमान
प्रमुख शहरों का अधिकतम और न्यूनतम तापमान
- पटना - 29.0 - 15.4
- गया - 27.4- 16.0
- भागलपुर - 28.5 -18.0
- मुजफ्फरपुर - 26.6 -17.0
- पूर्णिया - 29.0 -15.0
- (अधिकतम व न्यूनतम तापमान डिग्री सेल्सियस में)