Bihar Weather Forecast: देश के पश्चिमी भाग से मानसून लौटने के संकेत, बिहार में अभी जारी रहेगी बारिश
Bihar Weather Forecast राज्य में मानसून के दौरान सामान्यत 1000 मिलीमीटर बारिश होती है। इस सीजन में अब तक 1273.3 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। मानसून के दौरान राज्य में अब तक 27 मिलीमीटर बारिश ज्यादा हुई । किसानों के चेहरे पर है खुशी।
पटना, जेएनएन। Bihar Weather Forecast: दक्षिण-पश्चिम मानसून (South-Western Monsoon) देश के पश्चिमी हिस्से से लौटने लगा है। खासकर राजस्थान एवं आसपास के राज्यों से मानसून के लौटने के संकेत मिलने लगे हैं। पश्चिमी हिस्से से शुरू होकर मानसून राजस्थान, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार और बंगाल होते हुए दक्षिण भारत के रास्ते लौट जाएगा। हालांकि बिहार एवं पश्चिम बंगाल में अभी बारिश जारी रहेगी।
इस वर्ष छह एवं सात अक्टूबर तक होगी बारिश
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी संजय कुमार का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के लौटने के संकेत मिलने लगे हैं। इससे बारिश में कमी आएगी। सामान्यत: मानसून सबसे पहले पश्चिमी हिस्से राजस्थान से लौटता है। बिहार में दक्षिण-पश्चिम मानसून की बारिश 30 सितंबर तक होती है। लेकिन इस वर्ष मौसम विज्ञानियों का कहना है कि छह एवं सात अक्टूबर तक राज्य में बारिश हो सकती है। बिहार में मानसून की बारिश एक जून से शुरू हो जाती है।
राज्य में 27 फीसद अधिक बारिश का रिकॉर्ड
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि राज्य में मानसून के दौरान सामान्यत: 1000 मिलीमीटर बारिश होती है। इस सीजन में अब तक 1273.3 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। यानी राज्य में सामान्य से 27 मिलीमीटर ज्यादा बारिश हुई है। वर्तमान में मानसून की अक्षीय रेखा बंगाल की खाड़ी से लेकर बर्दवान, भागलपुर, बहराइच एवं रोहतक तक जा रही है। एक-दो दिनों में इसमें बदलाव हो सकता है। राज्य के पूर्वी भाग में रविवार को भी हल्की बारिश रिकॉर्ड की गई। भागलपुर एवं पूर्णिया के आसपास के इलाके में अच्छी बारिश हुई। भागलपुर में रविवार को 27.2 एवं पूर्णिया में 29.3 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। सोमवार को राज्य के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश होने की उम्मीद है। विशेष रूप से पूर्वी बिहार के जिलों में बारिश हो सकती है। हल्की फुहारें राजधानी एवं आसपास के इलाके में भी हो सकती हैं।