Bihar Weather: पटना सहित इन जिलों में आंधी के साथ बारिश के आसार, बिहार में बढ़ने लगी गर्मी
Bihar Weather Alert बिहार में मौसम विज्ञान केंद्र ने आंधी के साथ बारिश की संभावना जाहिर की है। प्रदेश में गर्मी अब अपना असर दिखाने लगी है। दिन चढ़ने के साथ धूप की वजह से तापमान अच्छा-खासा बढ़ जा रहा है।
पटना, जागरण संवाददाता। Weather Forecast for Bihar: पछुआ की गति तेज होने से बिहार में गर्मी बढ़ने लगी है। हालांकि, सुबह के वक्त हल्की सिहरन अभी भी महसूस हो रही है। दिन चढ़ने के साथ अधिकतम तापमान काफी बढ़ जा रहा है। इस बीच मौसम विभाग की मानें तो 21 मार्च को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में आंधी के साथ बारिश हो सकती है। खासकर पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, बेगूसराय, लखीसराय, नवादा, कटिहार, भागलपुर, बांका, मुंगेर, खगड़िया एवं जमुई में आंधी के साथ बारिश होने के आसार हैं।
भागलपुर में सबसे अधिक रहा अधिकतम तापमान
गुरुवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 35.2 और न्यूनतम 18.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। भागलपुर राज्य का सर्वाधिक गर्म स्थान रहा, जहां का पारा 36.1 डिग्री तक पहुंच गया है। न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, गया में अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम 16.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
पछुआ हवा की वजह से हवा में कम हो रही आर्द्रता
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी संजय कुमार का कहना है कि प्रदेश में पछुआ चलने लगी है। ऐसे में पारा में उछाल देखा जा रहा है। इस तरह की स्थिति आगे भी बनी रहेगी। पछुआ चलने से प्रदेश की हवा में आर्द्रता कम होने लगी है। इसका असर मौसम में तल्खी के रूप में महसूस होने लगा है।
- पछुआ ने बढ़ाई गर्मी, 21 को आंधी के साथ बारिश संभव
- 35.2 डिग्री अधिकतम तापमान रहा पटना का
- 18.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड
- 36.1 डिग्री के साथ भागलपुर सर्वाधिक गर्म स्थान
बिहार के जिले- आर्द्रता (फीसद)
पटना - 50
गया- 50
भागलपुर- 63
पूर्णिया- 58
वाल्मीकिनगर- 66
सुबह से ही मौसम के तेवर बदले
गुरुवार को राजधानी में मौसम सुबह से ही अपना तेवर दिखाने लगा था। दिन चढऩे के साथ पारा भी उछाल लेते गया। इस मौसम में पहली बार राजधानी का पारा 35.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा है। पिछले तीन दिनों से तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है।