Bihar Weather Forecast: दो जुलाई तक राज्य में हो सकती है भारी बारिश, वज्रपात की भी संभावना
Bihar Weather Forecast बदलेगा मौसम का मिजाज दो जुलाई तक राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना। राज्य के कई हिस्सों को लेकर एलो अलर्ट जारी। प्रदेश के कई हिस्सों में बिजली गिरने की संभावना। राज्य में नमी युक्त हवा का प्रभाव
पटना, जागरण संवाददाता। Bihar Weather Forecast राज्य के मौसम का मिजाज बदलने वाला है। 30 जून से तीन जुलाई तक खासकर उत्तर बिहार के हिमालय की तराई वाले इलाकों और जिलों में भारी बारिश होने की आशंका है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मानसून की ट्रफलाइन पूर्वी उत्तरप्रदेश से बिहार और उप हिमालयी पश्चिम बंगाल होते होते हुए पूर्वोत्तर असम तक फैला हुआ है। बिहार के उत्तरी इलाकों में नमी की मात्रा में बढ़े होने के कागरण इन जगहों पर वज्रपात होने की संभावना बताई जा रही है।
बारिश के साथ वज्रपात के भी आसार
वहीं राज्य के दक्षिण और मध्य बिहार से सटे इलाकों में आकाश में बादल छाए हैं। सतह से तीन किमी उपर तक पश्चिमी हवा का प्रभाव बना है। गंगा के मैदानी क्षेत्रों और मध्य भागों में शुष्क पछुआ हवा और आर्द्र पूर्वी हवा का प्रभाव भी बढ़ा है। इस प्रकार के मौसम को देखते हुए राज्य के उत्तर पश्चिम, उत्तर मध्य, उत्तर पूर्व बिहार, दक्षिण पश्चिम बिहार, दक्षिण मध्य बिहार जिलों को लेकर एलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जगहों के एक या दो स्थानों पर गरज के साथ आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।
उत्तरी बिहार में नमी युक्त हवा का प्रभाव
मानसून में बदलाव को देेखते हुए राज्य के अधिकांश जिलों में बादल छाए हैं। वहीं सतह से तीन किमी उपर तक पश्चिमी हवा के प्रभाव के कारण उत्तर बिहार में नमी युक्त हवा बढ़ने की संभावना बनी है।
राज्य के कई जगहों पर अधिक बारिश
राज्य के उत्तर पश्चिम, दक्षिण पूर्व, उत्तर पूर्व भाग में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हुई। वहीं कटिहार के में सबसे अधिक 110 मिमी बारिश दर्ज की गई। मनिहारी में 11, मौनाहा में नौ, दरभंगा में आठ, निर्मली में छह, बगहा में 5.5 मिमी बारिश हुई।
तेज हवा के साथ बारिश के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार अगले दो से तीन घंटों के दौरान मुजफ्फरपुर, सहरसा, मधेपुरा, सुपौल, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर जिले के कुछ हिस्सों में 30-40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने के साथ इन जगहों पर वज्रपात और हल्के से मध्यम स्तर के बारिश होने की संभावना है। ऐसे जगहों में रहने वालों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
मानसून ब्रेक की बात कही मौसम विभाग ने
गौरतलब है कि पहले मौसम विभाग का कहना था कि बिहार समेत उत्तरी भारत के अधिकांश राज्यों में फिलहाल मानसून ब्रेक (Monsoon Break) कर गया। इससे प्रदेश के अधिसंख्य भाग में बारिश में कमी आई है। साथ ही प्रदेश के कई हिस्सों में पछुआ का असर (Effect of Western Wind) दिखने लगा है। राज्य के उत्तरी हिस्से में ज्यादा और मध्य एवं दक्षिणी हिस्से में बारिश में कमी आने की उम्मीद है। इस तरह की स्थिति अगले तीन दिनों तक बने रहने की उम्मीद है। तीन जुलाई के बाद राज्य के दक्षिणी हिस्से में दोबारा बारिश शुरू हो जाएगी।