Bihar Weather Update: उत्तरी बिहार के कई जिलों में आंधी और बारिश, जानें आगे क्या रहेगा मौसम का हाल
Bihar Weather Update News मध्यप्रदेश में बने चक्रवात के कारण बिहार के मौसम में व्यापक बदलाव आया है। इस तरह की स्थिति अगले 4 मई तक बने रहने की उम्मीद है। मौसम में बदलाव आने के साथ साथ बिहार के विभिन्न जिलों में आंधी के साथ बारिश हो रही है।
पटना, जागरण संवाददाता। Bihar Weather Update News: मध्यप्रदेश में बने चक्रवात के कारण बिहार के मौसम में व्यापक बदलाव आया है। इस तरह की स्थिति अगले 4 मई तक बने रहने की उम्मीद है। मौसम में बदलाव आने के साथ साथ बिहार के विभिन्न जिलों में आंधी के साथ बारिश हो रही है। आज रात से ही मुजफ्फरपुर, दरभंगा सहित कई जिलों में छिटपुट बारिश हो रही है। ऐसा ही मौसम चार मई तक बने रहने की संभावना मौसम विज्ञान विभाग ने जाहिर की है। बिहार में मौसम का मिजाज 30 अप्रैल से ही बदलने लगा था।
तापमान में काफी उतार - चढ़ाव देखने को मिल रहा
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी संजय कुमार का कहना है कि चक्रवात के कारण प्रदेश के वातावरण में भारी मात्रा में नमी आ रही है। इसके कारण प्रदेश के तापमान में काफी उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। शनिवार को ही राज्य के सीमावर्ती जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश दर्ज की गई थी। मुख्य रूप से अररिया और किशनगंज सहित विभिन्न सीमावर्ती जिलों में अभी भी बारिश के आसार बने हुए हैं।
मध्य जून तक मौसम में होते रहेगा बदलाव
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आजकल मौसम में बदलाव आना सामान्य बात है। फिलहाल प्री मानसून का दौर है इस तरह की मौसम मध्य जून तक बने रहेगा। मध्य जून में प्रदेश में मानसून की झमाझम बारिश शुरू हो जाएगी। इससे तापमान में उतार-चढ़ाव में कमी आएगी।
प्रदेश का मौसम हुआ सुहावना
राज्य के उत्तरी भाग में आंधी के साथ बारिश होने से प्रदेश के अन्य भाग का मौसम काफी सुहावना हो गया है। सुबह में नमी युक्त हवा चलने से लोगों को गर्मी से बेहद राहत मिल रही है। हालांकि दोपहर बाद वातावरण में उमस बढ़ने की उम्मीद है । लेकिन उसके बाद तापमान में एक बार फिर गिरावट आने की उम्मीद व्यक्त की जा रही है।