Bihar Weather Alert: बिहार में चार मई तक आंधी और बारिश के आसार, केवल इन जिलों पर रहेगा असर
Bihar Weather Yellow Alert बिहार में चार मई तक आंधी व बारिश के आसार आधे जिलों में नर्म तो आधे जिलों में गर्म रहेगा मौसम का मिजाज पूर्वी मध्य प्रदेश से पश्चिमी बंगाल तक गुजर रही ट्रफ लाइन
पटना, जागरण संवाददाता। Bihar Weather Forecast News: बिहार में मौसम का मिजाज पिछले दो दिनों से बदला-बदला सा है। मध्य प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश में बने चक्रवात के कारण राज्य के अधिकांश हिस्से में चार मई तक आंधी एवं बारिश के आसार बने हैं। शुक्रवार को भी राज्य के कई इलाके में बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम में बदलाव के कारण प्रदेश के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार को गया, भागलपुर, वाल्मीकिनगर एवं पूर्णिया के तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
ट्रफ लाइन के कारण बढ़ी मौसम में उमस
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी संजय कुमार ने कहा कि वर्तमान में पूर्वी मध्य प्रदेश से लेकर झारखंड होते हुए पश्चिम बंगाल तक एक ट्रफ लाइन गुजर रही है। यह ट्रफ लाइन समुद्र तल से लगभग 0.9 किलोमीटर ऊपर बनी हुई है। वहीं, एक ट्रफ रेखा पूर्वी उत्तर प्रदेश से लेकर असम तक जा रही है। इस ट्रफ लाइन को बंगाल की खाड़ी से काफी मात्रा में नमी मिल रही है। दोनों ट्रफ लाइन के बिहार के करीब के गुजरने के कारण प्रदेश के वातावरण में उमस बनी हुई, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश रिकॉर्ड
- 20.6 मिलीमीटर राजपुर में रिकॉर्ड की गई राज्य में सबसे ज्यादा बारिश
- 14.0 मिलीमीटर बारिश हुई वाल्मीकिनगर एवं तरारी में
- 3.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई जहानाबाद में
मध्य बिहार में रहेगा शुष्क मौसम
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि मध्य बिहार के अधिकांश जिले अगले दो दिनों तक शुष्क रहेंगे। वहीं उत्तरी बिहार के अधिकांश जिलों में आंधी के साथ बारिश होगी। मध्य बिहार के पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, बेगूसराय, लखीसराय, नवादा, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल में दो दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा।
इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी
पूर्वी चंपारण, सिवान, सारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर, किशनगंज, सुपौल, मधेपुरा, सहरसा, अररिया, पूर्णिया के लिए मौसम विज्ञान केंद्र ने येलो अलर्ट जारी किया है।