Bihar Weather Forecast: बिहार के आधे जिलों में अगले दो दिनों तक बारिश के आसार, तेज हवाएं भी चलेंगी
Bihar Weather Forecast News राज्य के उत्तर एवं पूर्वी भाग में 10 मई तक आंधी एवं बारिश होने के आसार हैं। आसमान में बादलों की आवाजाही और प्रदेश के कुछ हिस्सों में रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण औसत तापमान फिर भी अभी कम है।
पटना, जागरण संवाददाता। Bihar Weather Forecast Update: बिहार के मध्य भाग में गुरुवार से फिर गर्मी बढ़ने लगी है। शुक्रवार को भी प्रदेश के तापमान में वृद्धि जारी रहने की संभावना है। गुरुवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा में 66 फीसद नमी रिकॉर्ड की गई। वहीं राज्य के उत्तर एवं पूर्वी भाग में 10 मई तक आंधी एवं बारिश होने के आसार हैं। आसमान में बादलों की आवाजाही और प्रदेश के कुछ हिस्सों में रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण औसत तापमान फिर भी अभी कम है।
मध्य बिहार में अब धीरे-धीरे बढ़ेगी गर्मी
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी संजय कुमार के अनुसार प्रदेश का मौसम काफी तेजी से बदल रहा है। वर्तमान में मध्य प्रदेश से लेकर असम तक एक ट्रफ लाइन बनी हुई है। ट्रफ लाइन को बंगाल की खाड़ी से काफी मात्रा में नमी प्राप्त हो रही है। इससे वातावरण में नमी बनी हुई है। खासकर उत्तरी एवं पूर्वी बिहार में ट्रफ लाइन के कारण मौसम सामान्य है। लेकिन मध्य बिहार का पारा चढऩे लगा है।
गुरुवार की सुबह से ही बदलने लगा है मौसम
शुक्रवार को भी राजधानी के तापमान में वृद्धि होने का अनुमान है। गुरुवार सुबह से ही प्रदेश के मौसम में बदलाव होने लगा था। दक्षिण बिहार में आंधी के साथ कुछ इलाकों में बारिश भी हुई। वहीं शाम को पूर्वी चंपारण में आंधी के साथ बारिश रिकॉर्ड की गई।
राज्य के इन जिलों में बारिश के आसार
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि भागलपुर, कटिहार, बांका, मुंगेर, खगडिय़ा, जमुई, किशनगंज, सुपौल, मधेपुरा, सहरसा, अररिया एवं पूर्णिया में अगले दो दिनों तक बारिश होने के आसार हैं। दरभंगा और मधुबनी में बारिश के साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान मौसम विज्ञान केंद्र ने जारी किया है।
- आज से बढ़ सकती गर्मी, उत्तर और पूर्वी बिहार में बारिश के आसार
- 36.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया पटना का अधिकतम तापमान
- 66 फीसद नमी रिकॉर्ड की गई शहर की हवा में