Bihar Unlock News: बिहार में लॉकडाउन खत्म, अनलॉक-1 शुरू, मिली बड़ी छूट, सीएम नीतीश ने की घोषणा
Bihar Unlock News Update सीएम नीतीश कुमार ने बिहार में लॉकडाउन खत्म होने की जानकारी ट्वीट कर दी है। लॉकडाउन खत्म पर अगले एक सप्ताह यानी 15 जून तक ये पाबंदियां रहेंगी। शाम पांच बजे तक दुकानें खुली रहेंगी। सात बजे से कर्फ्यू लागू रहेगा। जानिए पूरी गाइडलाइन ।
पटना, ऑनलाइन डेस्क। Bihar Unlock News Update: सीएम नीतीश कुमार ने अपने ट्विटर हैंडल पर घोषणा की है कि कोरोना संक्रमण की घटती संख्या को देखते हुए बिहार में लॉकडाउन खत्म मगर शाम सात बजे से सुबह के पांच बजे तक कर्फ्यू लागू रहेगा। उन्होंने कहा है कि अभी भीड़भाड़ से बचने की जरूरत है। बुधवार,नौ जून से अनलॉक-1 के आदेश लागू होंगे। ये आदेश अगले एक सप्ताह यानी 15 जून तक प्रभावी रहेंगे। फिलहाल स्कूल-कॉलेज आदि बंद ही रहेंगे। ऑनलाइन पढ़ाई होगी। दुकानें एक दिन के अंतराल पर सुबह छह बजे से शाम पांच बजे तक खुली रहेंगी। शाम सात बजे से सुबह पांच बजे तक नाईट कर्फ्यू लागू रहेगा। दिन में निजी गाड़ियों और पैदल परिचालन पर रोक नहीं होगी। ई-पास की अनुमति नहीं लेनी होगी। सार्वजनिक वाहन में 50 फीसद यात्रियों को ही बैठने की अनुमति होगी।
सुबह से ही सीएम के ट्विटर हैंडल पर थीं निगाहें
बिहार में आज हर कोई जानना चाहता था कि लॉकडाउन कुछ अतिरक्ति छूट के साथ जारी रहेगा या अनलॉक-1 की घोषणा होगी। सुबह से ही आज सभी की निगाहें सीएम नीतीश कुमार के ट्विटर हैंडल पर टिकी थी। आप सोच रहे होंगे कि नीतीश के ट्विटर हैंडल पर क्यों सबकी निगाहें टिकी थी। दरअसल, बिहार में हर लॉकडाउन के पहले आपदा प्रबंधन समूह की बैठक में लॉकडाउन की समीक्षा की जाती है। इसके बाद सीएम नीतीश कुमार सबसे पहले अपने ट्विटर हैंडल से बिहार में लॉकडाउन और छूट की घोषणा करते आए हैं। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारी मीडिया को ब्रीफ करते हैं और गृह विभाग विस्तृत गाइडलाइन जारी करता है। आज दोपहर एक बजे इस संबंध में प्रेस ब्रीफिंग है। क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप की बैठक में लॉकडाउन की विस्तृत समीक्षा के बाद नीतीश कुमार ने यह घोषणा की है।
मिली यह बड़ी छूट
बिहार में पिछले 5 मई से लॉकडाउन जारी है। तब से लेकर अब तक कोरोना वायरस संक्रमण में काफी कमी आई है। तब एक दिन में 15 हजार तक नए केस मिलते थे, अब यह संख्या घटकर एक हजार से कम रह गई है। कोविड के घटते संक्रमण को देखते हुए इस बार अनलॉक-1 की घोषणा की गई है। छूट के दायरे में व्यापारिक प्रतिष्ठान, ट्रांसपोर्ट, निजी ऑफिस आदि आएंगे। हालांकि स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों सहित सभी सरकारी और निजी शैक्षणिक संस्थान पहले की तरह ही बंद रहेंगे। पार्क, जिम स्टेडियम आदि भी बंद रहेंगे।
- दुकानों को अब और अधिक समय यानी सुबह छह बजे से शाम पांच बजे तक खुलने की छूट मिली। अभी सुबह छह बजे से दोपहर दो बजे तक दुकानें खुलती थी।
- नाइट कर्फ्यू शाम सात बजे से सुबह पांच तक लागू रहेगा।
- सभी तरह की दुकानें ऑल्टरनेट डे खुल सकेंगी ।
- खाद्य सामग्रियों की दुकानें,फल-सब्जी, अंडा, मांस-मछली, दूध और पीडीएस रोज खुलेंगी।
- कृषि उपकरण, खाद, बीज की दुकानें प्रतिदिन सुबह छह बजे से शाम पांच बजे तक खुलेंगी।
- सरकारी और निजी ऑफिस 50 फीसदी उपस्थिति के साथ शाम चार बजे तक खुल सकेंगे ।
- सरकारी कार्यालयों में आगंतुकों का प्रवेश वर्जित रहेगा।
- सभी दुकानों और ऑफिस में लोगों को मास्क लगाना और सैनिटाइजर रखना अनिवार्य होगा।
- दिन भर वाहनों के चलने पर कोई पाबंदी नहीं होगी।
- ई-पास की जरूरत नहीं हाेगी।
- होटलों व रेस्तरां से पहले की ही तरह होम डिलीवरी जारी रहेगी। रेस्तरां में बैठकर नहीं खा सकेंगे।
- शैक्षणिक संस्थान में ऑनलाइन पढ़ाई जारी रहेगी।
- शादी और श्राद्ध में 20 लोग ही होंगे शामिल। बरात पर रोक।
पिछली बार 53 हजार लोगों ने रिट्वीट किया
बिहार में लॉकडाउन-4 की अवधि आज (आठ जून) रात 12 बजे खत्म हो रही है। इसे लेकर आज सुबह 11:30 बजे सीएम नीतीश कुमार की अध्यक्षता में आपदा प्रबंधन समूह की बैठक बुलाई गई थी। बैठक में बिहार में नौ जून से लॉकडाउन का स्वरूप, छूट, पांबदियों और समय सीमा की चर्चा के बाद अंतिम फैसला ले लिया गया। इसके बाद सबसे पहले यह जानकारी सीएम नीतीश कुमार के ट्विटर हैंडल पर दी है। पिछली बार 31 मई को जब नीतीश कुमार ने अपने ट्विटर हैंडल से अतिरिक्त छूट के साथ लॉकडाउन-4 की घोषणा की थी, तब इसपर खूब सारे मजेदार कमेंट्स भी आए थे। 53 हजार लोगों ने इसे रिट्वीट किया था।
बिहार में इस तरह रहा लॉकडाउन
5-15 मई तक था लाकडाउन-1
16-25 मई तक था लाकडाउन-2
26 मई से एक जून तक लाकडाउन-3
02 जून से आठ जून तक लाकडाउन-4