बिहार एसटीएफ ने दो सोना लुटेरों को किया गिरफ्तार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी कर चुके कारनामा
बिहार एसटीएफ ने सोना तस्करों को पकड़ा बिहार में राजगीर से कुख्यात अमर सिंह और झारखंड में देवघर से सूरज राम को किया गया गिरफ्तार बिहार पश्चिम बंगाल और उत्तरप्रदेश के कई थानों में दर्ज है लूट व रंगदारी के मामले
पटना, राज्य ब्यूरो। बिहार एसटीएफ की विशेष टीम ने राजगीर व देवघर में छापेमारी कर दो अंतरराज्यीय सोना लुटेरों को गिरफ्तार किया है। दोनों सोना लुटेरों पर बिहार के साथ पश्चिम बंगाल व उत्तरप्रदेश के थानों में लूट व अन्य संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। बिहार एसटीएफ ने पहली गिरफ्तारी नालंदा के राजगीर थाना क्षेत्र से की। यहां से अंतरराज्यीय सोना लूट कांड के अपराधी अमर सिंह उर्फ पहलवान को एसटीएफ ने गिरफ्तार किया। वह पटना के सालिमपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। उस पर पश्चिम बंगाल के आसनसोल, चंदननगर, वर्धमान, सिलगुड़ी व हिरापुर थानों में लूट एवं रंगदारी के कई संगीन मामले दर्ज हैं।
सिवान व गोपालगंज सोना लूट में गिरफ्तारी
बिहार एसटीएफ की एक अन्य टीम ने झारखंड के देवघर के जसीडीह थाना क्षेत्र से अंतरराज्यीय सोना लूट कांड के अपराधी सूरज कुमार उर्फ सूरज राम को गिरफ्तार किया है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के बनकट्टा थाना क्षेत्र का रहने वाला है। सूरज पर दिसंबर, 2021 में सिवान जिले के रघुनाथपुर और गोपालगंज जिले के अरना बाजार में सोना दुकान की लूट में शामिल होने का आरोप है। इसके अलावा भी उस पर गोपालगंज के उचकागांव, सिवान के रघुनाथपुर, जीरादेई और मैरवा थाने में अलग-अलग धाराओं में प्राथमिकी दर्ज है।