Bihar, Sheikhpura Election 2020: शेखपुरा की दोनों सीटों पर कांटों की टक्कर, जानिए शेखपुरा का राजनीतिक समीकरण
Bihar Sheikhpura Election 2020 शेखपुरा विधान सभा की कुल दो सीटों में से पिछली बार जदयू-कांग्रेस को मिली थीं एक-एक सीट । इस बार एनडीए से दोनों सीटें जदयू को मिली है। महागठबंधन से राजद व कांग्रेस एक-एक सीट पर मैदान में है।
पटना/ शेखपुरा, अरुण साथी । Bihar, Sheikhpura Election 2020: शेखपुरा जिले में दो विधानसभा सीटें शेखपुरा और बरबीघा हैं। पिछली बार शेखपुरा से जदयू जबकि बरबीघा सीट पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी। इस बार दोनों निवर्तमान विधायक फिर से मैदान में हैं। उनके मुकाबले नए चेहरे हैं। इस बार एनडीए की ओर से दोनों सीटों पर जदयू किस्मत आजमा रहा है, जबकि महागठबंधन से राजद व कांग्रेस एक-एक सीट पर चुनाव मैदान में हैं। दोनों ही सीटों पर सीधी और कांटे की टक्कर दिख रही है।
शेखपुरा में हैट्रिक की राह आसान नहीं
शेखपुरा की जनता ने जिसे एक बार चुन लिया, उसे जल्दी छोड़ती नहीं। तभी तो पंद्रह चुनावों में दस बार कांग्रेस, तीन बार सीपीआइ और दो बार जदयू को मौका मिला है। इस बार कुल 11 प्रत्याशी मैदान में हैं। रणधीर कुमार सोनी तीसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं। पिछले चुनाव में महागठबंधन प्रत्याशी के रूप में रणधीर कुमार ने हम के नरेश साव को 13 हजार मतों से हराया था। वहीं जाप प्रत्याशी रहे विजय सम्राट ने 18 हजार मत हासिल किए थे। इस बार विजय सम्राट राष्ट्रीय जनता दल के प्रत्याशी हैं। इससे पहले 2010 में रणधीर कुमार ने राजो सिंह की पुत्रवधू सुनीला देवी को 7300 मतों से पराजित किया था। लोजपा के प्रत्याशी इमाम गजाली भी ताल ठोक रहे हैं।
प्रमुख मुद्दे: मजदूरों का पलायन, टाल क्षेत्र में जलजमाव।
शेखुपरा : 11 प्रत्याशी
जदयू : रणधीर कुमार सोनी
राजद : विजय सम्राट
लोजपा : इमाम गजाली
बरबीघा में दल-बदल से उलझे मतदाता
बरबीघा विधानसभा सीट से दस प्रत्याशी मैदान में हैं। पिछली बार कांग्रेस के टिकट पर जीते सुदर्शन कुमार इस बार जदयू से मैदान में हैं। वहीं 2010 में अशोक चौधरी को तीन हजार मतों से पराजित करने वाले जदयू विधायक रहे गजानंद शाही अब कांग्रेस के प्रत्याशी हैं। सुदर्शन कुमार ने पिछले विधानसभा चुनाव में रालोसपा के शिवकुमार को 16 हजार मतों से पराजित किया था। सुदर्शन के जदयू में शामिल होते ही गजानंद शाही ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। इसके अलावा मधुकर कुमार को लोजपा ने प्रत्याशी बनाया है। वहीं जदयू नेता रहे राकेश रंजन निर्दलीय खड़े हैं। बरबीघा को पुराने समय में कांग्रेस का गढ़ कहा जाता था। 2005 में पहली बार कांग्रेस के हाथ से यह सीट निकली। 2015 में भी जदयू कांग्रेस गठबंधन में ही कांग्रेस के उम्मीदवार सुदर्शन यहां से जीते।
प्रमुख मुद्दे: सकरी नहर मृतप्राय, नहीं बना अनुमंडल।
बरबीघा : 10 प्रत्याशी
जदयू : सुदर्शन कुमार
कांग्रेस : गजानंद शाही
लोजपा : मधुकर कुमार
निर्दलीय : राकेश रंजन