बिहारः पशुपति पारस और तेजस्वी के राजनैतिक क्षेत्र पहुंचे चिराग पासवान बोले- अब किस बात का इंतजार
चिराग पासवान ने रविवार को तेजस्वी यादव के विधनासभा क्षेत्र राघोपुर के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात कर उनकी समस्या जानी। इस दौरान चिराग ने कहा कि राघोपुर में जनता के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है।
संवाद सूत्र राघोपुर (वैशाली)। लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह जमुई सांसद चिराग पासवान ने रविवार को तेजस्वी यादव के विधनासभा क्षेत्र राघोपुर के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। केंद्रीय खाद्य एवं प्रसंस्करण मंत्री पशुपति कुमार का संसदीय क्षेत्र हाजीपुर भी इसी के अंतर्गत आता है। इस दौरान चिराग ने बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात कर उनकी समस्या जानी। बीते दिनों बहरामपुर पंचायत के मदहा गांव में मां बेटी की पानी में डूबने से हुई मौत उनके परिजन से मिलकर चिराग पासवान ने सांत्वना दी एवं हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इस दौरान चिराग ने राघोपुर में जनता के साथ सौतेला व्यवहार होने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार इलाके को तुरंत बाढ़ ग्रस्त घोषित करे। अब इंतजार किस बात का है।
बाढ़ पीड़ितों के बीच बांटी खाद्य सामग्री
चिराग पासवान ने रुस्तमपुर घाट से नाव पर सवार होकर जाफराबाद, रुस्तमपुर, सैदाबाद, बहरामपुर समेत कई पंचायतों का दौरा कर बाढ़ पीड़ितों का समस्या सुनी। इस दौरान बाढ़ पीड़ितों के बीच चूड़ा, गुड़ और सूखा राशन वितरण किया गया। चिराग पासवान ने कहा कि सरकार राघोपुर को जनता के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। पिछले कई दिनों से राघोपुर बाढ़ की चपेट में है।
अविलंब सरकारी सहायता देने की मांग
सरकार के द्वारा ना तो नाव की व्यवस्था और ना ही सामुदायिक किचन शुरू किया गया है। सरकारी स्तर पर राहत कार्य नहीं चलाया जा रहा है। चिराग पासवान ने मौके से जिले के वरिष्ठ अधिकारियों से बात कर बाढ़ पीड़ित परिवार को अविलंब सरकारी सहायता देने की मांग की। उन्होंने राघोपुर प्रखंड को तुरंत बाढ़ ग्रस्त घोषित करने की मांग की। चिराग ने कहा कि बिहार का हाल बुरा है और मंत्री विधायक किसी की सुध नहीं ले रहे। इस दौरान लोजपा के प्रदेश प्रधान महासचिव संजय पासवान, मृणाल पासवान, लोजपा आइटी सेल के प्रदेश अध्यक्ष राकेश रोशन, युवा लोजपा नेता पिंटू सिंह, वीरेंद्र विमल, लोजपा किसान प्रकोष्ठ के प्रखंड अध्यक्ष रामजीवन पासवान, डॉ पंकज कुमार, मंजय मासूम, ऋषि यादव समेत कई लोजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।