बिहार चुनाव : नई सरकार की तैयारियों में जुटी नौकरशाही
आज बिहार का चुनाव परिणाम आ जाएगा। सत्ता के शीर्ष पर बैठे नौकरशाहों ने नई सरकार के संदर्भ में तैयारियां शुरू कर दी हैं। नई सरकार का गठन दीपावली के बाद होगा। उससे पहले मुख्य सचिव के निर्देश पर सभी विभाग नोट्स और पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन बनाने लगे हैं।
पटना [दीनानाथ साहनी]। आज बिहार का चुनाव परिणाम आ जाएगा। सत्ता के शीर्ष पर बैठे नौकरशाहों ने नई सरकार के संदर्भ में तैयारियां शुरू कर दी हैं। नई सरकार का गठन दीपावली के बाद होगा। उससे पहले मुख्य सचिव के निर्देश पर सभी विभाग नोट्स और पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन बनाने लगे हैं। इसे लेकर शनिवार को अधिकांश विभागों में सरगर्मी तेज रही।
लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के एक आला अफसर ने बताया कि चालू योजनाओं के साथ-साथ उन मुद्दों की बिंदुवार सूची तैयार करने का निर्देश मंत्रिमंडलीय विभाग से मिला है, जिन पर तत्काल फैसला लिया जाना है। इसके लिए संबंधित प्रशाखा को नोट्स बनाने को कहा गया है।
इसी तरह वित्त विभाग, योजना एवं विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पथ निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग, समाज कल्याण विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग, पंचायती राज विभाग, कृषि विभाग और ऊर्जा विभाग समेत अन्य महकमों को रिपोर्ट और पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन तैयार रखने को कहा गया है, ताकि नई सरकार के मंत्रियों के सामने उसे व्यवस्थित रूप से पेश किया जा सके।
मुख्य सचिव ने चार बिंदुओं पर रिपोर्ट तैयार करने को कहा है। इनमें संबंधित विभाग के लिए चालू वित्तीय वर्ष में लागू योजनाओं और पहले से जारी पुरानी योजनाओं और उसके बजट एवं खर्च की वस्तुस्थिति के बारे में रिपोर्ट तैयार करना शामिल है। साथ ही संबंधित रिपोर्ट की पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन की साफ्ट कॉपी सीडी के रूप में तैयार रखने को कहा गया है। सभी विभागों को अपनी रिपोर्ट में मुद्दों पर फोकस बिंदुवार जानकारी की एक प्रति मुख्य सचिव सेल को उपलब्ध कराना अनिवार्य है।
सत्ता के मुख्य केंद्र पुराना सचिवालय स्थित सभाकक्ष में मुख्य सचिव अंजनी कुमार सिंह ने सोमवार को सभी विभागों के प्रधान सचिवों की अहम बैठक भी बुलाई है। बैठक में सभी विभागों की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही चालू वित्तीय वर्ष में अब तक खर्च हुई राशि की भी समीक्षा होगी। बैठक में सभी को पूरी तैयारी के साथ आने को कहा गया है।