Move to Jagran APP

महामारी के बीच सामने आया राजनीति का मानवीय चेहरा, बिहार में राजनीतिक दलों ने बढ़ाए मदद के हाथ

Bihar Coronavirus Update News संकट की घड़ी में राजनीतिक दलों का मानवीय पक्ष सामने आया है। राजद कांग्रेस जदयू समेत तमाम दल अपने-अपने स्तर से आम लोगों की हिफाजत में जुटे हैं। राजद और जदयू ने संक्रमितों की मदद के लिए डॉक्टरों का पैनल बनाया है।

By Shubh Narayan PathakEdited By: Published: Wed, 28 Apr 2021 11:41 AM (IST)Updated: Wed, 28 Apr 2021 11:41 AM (IST)
महामारी के बीच सामने आया राजनीति का मानवीय चेहरा, बिहार में राजनीतिक दलों ने बढ़ाए मदद के हाथ
कोरोना महामारी में मददगार बने राजनीतिक दल। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

पटना, राज्य ब्यूरो। Bihar Coronavirus Update News: संकट की घड़ी में राजनीतिक दलों का मानवीय पक्ष सामने आया है। राजद, कांग्रेस, जदयू समेत तमाम दल अपने-अपने स्तर से आम लोगों की हिफाजत में जुटे हैं। राजद और जदयू ने संक्रमितों की मदद के लिए डॉक्टरों का पैनल बनाया है। मरीजों एवं उनके स्वजनों को जरूरत के हिसाब से सलाह दी जा रही है। बचाव के ऐहतियाती उपाय बताए जा रहे हैं। कई नेता व्‍यक्ति स्‍तर से भी लगातार लोगों की मदद में लगे हुए हैं। राजद के तेजस्‍वी यादव, मनोज झा, जन अधिका पार्टी के पप्‍पू यादव समेत कई नेता लगातार लोगों की मदद के लिए आगे आ रहे हैं। व्‍यक्तिगत स्‍तर पर क्षेत्र में सबसे अधिक सक्रियता पप्‍पू यादव की है। वह अपनी जान जोखिम में डालकर हर जगह पहुंच रहे हैं।

loksabha election banner

भाजपा के डेढ़ दर्जन डॉक्टर दे रहे सलाह

कोरोना मरीजों की मदद के लिए भाजपा की ओर से भी सेवा ही संगठन अभियान चलाया जा रहा है। पिछले साल भी चला था। भाजपा के चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मनोज कुमार ने डेढ़ दर्जन डॉक्टरों की सूची नाम और नंबर के साथ भी जारी की है, जिस पर अपराह्न एक बजे से तीन बजे तक चिकित्सीय परामर्श की सुविधा दी जा रही है। केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेश पदाधिकारियों से लेकर कार्यकर्ताओं को 17 टास्क दिए हैं।

इसमें मेरा बूथ-कोरोना मुक्त बूथ, प्रवासी मजदूरों की सहायता, मास्क-सैनिटाइजर का वितरण, संक्रमित परिवारों के लिए भोजन का प्रबंध, ब्लड तथा प्लाज्मा डोनेशन कैंप, बुजुर्गो तथा जरूरतमंदों तक दवाई पहुंचाने के लिए विशेष कार्यकर्ताओं की नियुक्ति आदि काम स्थानीय स्तर पर करने को कहा गया है। भाजपा के कुछ विधायकों द्वारा अपने इलाकों में नगर निगम की मदद से सैनिटाइजेशन का काम भी कराया जा रहा है।

राजद : मरीजों की तिमारदारी में खुद संक्रमित हो गए सुधीर

तेजस्वी यादव के निर्देश पर राजद ने अपने चिकित्सा प्रकोष्ठ से जुड़े डॉक्टरों की एक टीम बनाई है, जो कोरोना संक्रमितों की समस्या सुनकर उन्हें उचित सलाह और सहयोग दे रहे हैैं। प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सुधीर कुमार के नेतृत्व में बनाई गई इस टीम में 13 डॉक्टर हैैं। समय के अनुसार सबकी ड्यूटी बंटी है। सुबह नौ बजे से रात 10 बजे तक फोन पर समस्याएं सुनी जाती हैैं। जरूरत के हिसाब से मरीजों को दवाओं और ऐहतियाती उपायों के बारे में बताया जाता है। गंभीर मरीजों की सूचना तेजस्वी यादव को तक पहुंचाई जाती है।

जरूरत पडऩे पर सामान्य मरीजों को चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सुधीर कुमार के मीठापुर स्थित नर्सिंग होम में भर्ती कराया जाता है। सेवा निशुल्क है। इसी क्रम में सुधीर कुमार खुद भी संक्रमित हो गए। अभी एक निजी अस्पताल में भर्ती हैैं। कई और डॉक्टरों के संक्रमित होने की सूचना है, पर काम अनवरत जारी है। राजद के प्रदेश प्रवक्ता चितरंजन गगन का दावा है कि प्रत्येक दिन सैैंकड़ों फोन आते हैैं। गंभीर मामलों में तेजस्वी यादव अपने स्तर से भी मदद करते हैैं। कई लोग सीधे पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी से भी फोन पर संपर्क करते हैैं।

कोरोना पीडि़तों की मदद को कांग्रेसी बना रहे जिलों में कंट्रोल रूम

प्रदेश में कांग्रेस सदाकत आश्रम में कंट्रोल रूम के जरिए कोरोना पीडि़तों को हर संभव मदद दे रही है। युवा कांग्रेस के नेता इंटरनेट मीडिया और फोन से आने वाली सूचना पर लोगों को ऑक्सीजन एवं दवाओं से मदद पहुंचा रहे हैं। कांग्रेस का दावा है कि पिछले पांच दिनों में 677 लोगों को जीवनरक्षक दवा और 65 से अधिक जरूरतमंदों को रेमडेसिविर मुहैया कराए गए हैं। प्रदेश अध्यक्ष डॉ मदन मोहन झा ने कोरोना पीडि़तों की मदद के लिए जिलों में कंट्रोल रूम बनाने के निर्देश दिए हैं। पार्टी डॉक्टरों का एक पैनल बनाने जा रही है। कुमार आशीष ने बताया 24 घंटे के भीतर जिलों में कंट्रोल रूम काम करने लगेंगे। जरूरत पडऩे पर सरकार से मरीजों के लिए अस्पताल में बेड और ऑक्सीजन की व्यवस्था भी कराएंगे।

ऑक्सीजन के साथ डॉक्टरों की सलाह भी उपलब्ध करा रहा जदयू

कोरोना संक्रमितोंं की मदद के लिए जदयू ने जो कमेटी बनाई थी उसके माध्यम से ऑक्सीजन सिलेंडर भी व्यवस्था कराई जा रही है। जदयू के प्रदेश सचिव कमल नोपानी ने बताया कि उन्हें हर रोज तीन सौ से चार सौ फोन कॉल्स केवल ऑक्सीजन सिलेंडर के लिए आ रहे। अपने स्तर पर उन्होंने सात हजार रुपये में एक ऑक्सीजन सिलेंडर खरीदा था। अब साढ़े 11 हजार होने तक खरीदते रहे। ऑक्सीजन भरकर भी दिया जा रहा। जदयू मीडिया सेल के प्रदेश प्रभारी डॉ अमरदीप ने बताया कि जदयू ने जिन चिकित्सकों के नंबर जारी किए थे वे लगातार उपलब्ध हैैं। समय की बाध्यता भी खत्म है। लोगों की मदद की जा रही है।

यह भी  पढ़ें- डॉ. प्रेम कुमार ने कहा-डीएम ने हमारी बातोंं पर अमल नहीं किया, इस कारण कोरोना मरीजों में खौफ


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.