Bihar Politics: पप्पू यादव ने प्रशांत किशोर पर साधा निशाना, बोले- प्रायश्चित कीजिए, भाजपा के खिलाफ उगली आग
Bihar Politics जन अधिकार पार्टी के सुप्रीमो पप्पू यादव ने चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर पर निशाना साधा है। बिहार की सियासत में कांग्रेस के काफी नजदीक पहुंच चुके जाप सुप्रीमो ने प्रशांत किशोर को प्रायश्चित करने के लिए कहा है। Bihar Politics
पटना, आनलाइन डेस्क। Bihar Politics: जन अधिकार पार्टी के सुप्रीमो पप्पू यादव ने चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर पर निशाना साधा है। बिहार की सियासत में कांग्रेस के काफी नजदीक पहुंच चुके जाप सुप्रीमो ने प्रशांत किशोर को प्रायश्चित करने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि देश को बीजेपी की नफरती सियासत और मोदी सरकार देने के लिए पीके ही जिम्मेदार हैं। आपको बता दें कि हाल के दिनों में जेल जाने के बाद पप्पू यादव ने अपनी सियासी रणनीति काफी हद तक बदल दी है। वे अब सबसे अधिक हमलावर भाजपा पर हैं। उनकी पार्टी का कांग्रेस में विलय होने तक की चर्चाएं चल रही हैं। जदयू के प्रति भी उनका रवैया नर्म हुआ है। राजद के प्रति वह हमलावर तो हैं, लेकिन उनका पहला निशाना भाजपा पर है।
प्रशांत किशोर पर भड़कने की वजह क्या
बिहार के बक्सर जिले के रहने वाले प्रशांत किशोर आज देश के सबसे सफलतम चुनावी रणनीतिकारों में शुमार हैं। भाजपा के साथ ही कांग्रेस, जदयू, तृणमूल कांग्रेस सहित कई पार्टियां उनकी सेवाएं लेती रही हैं। खास बात यह है कि वे जिसके भी चुनावी रणनीतिकार रहे हैं, उसे चुनाव में प्राय: जीत ही दिलाई है। हाल में प्रशांत किशोर ने कहा कि मोदी सरकार से लोगों में नाराजगी हो सकती है, लेकिन बीजेपी का असर देश में बना रहेगा। इसके बाद कई नेताओं ने उन पर हमला किया है। प्रशांत किशोर फिलहाल कांग्रेस के संपर्क में हैं।
त्रिपुरा की घटनाओं के लिए भी बताया जिम्मेदार
पप्पू यादव ने कहा कि प्रशांत किशोर को त्रिपुरा जाकर उन लोगों से माफी मांगनी चाहिए, जिनके घर वहां जलाए जा रहे हैं। उन्हें बेरोजगार युवाओं और महंगाई से तबाह आम आदमी से भी माफी मांगनी चाहिए। पप्पू यादव ने एक और ट्वीट कर देश के पूर्व महालेखाकार विनोद राय पर भी निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि विनोद राय की वजह से देश का टेलीकाम और बिजली सेक्टर तबाह हो गया। उन्होंने टू-जी और कोयला घाेटाले का दुष्प्रचार कर नरेंद्र मोदी सरकार को देश पर थोप दिया।