बिहारः एमएलसी चुनाव के लिए एनडीए की सीटों का ऐलान, बीजेपी 12, जदयू 11 तो एक सीट पारस को मिली
स्थानीय प्राधिकार की 24 सीटों के लिए होने वाले बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए राजग ने सीटों का ऐलान कर दिया। एमएलसी चुनाव में भाजपा 12 तो जदयू सीट पर चुनाव लड़ेगी। बीजेपी अपनी 12 सीटों में से एक लोक जनशक्ति पार्टी (पारस गुट) को देगी।
राज्य ब्यूरो,पटना। बिहार विधान परिषद की 24 सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर भाजपा व जदयू के बीच शनिवार को सीटों का बंटवारा हो गया। भाजपा 13 सीटों और जदयू ने 11 पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। बीजेपी अपनी 13 सीटों में से एक केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस वाली लोजपा को देगी। दोनों दलों के नेताओं ने संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस कर यह घोषणा की। इस दौरान मडिया को बिहार भाजपा के प्रभारी भूपेन्द्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल, जदयू की तरफ से शिक्षा मंत्री विजय चौधरी ने संबोधित किया। भूपेन्द्र यादव ने कहा कि भाजपा-जदयू की सरकार चार विधानसभा चुनावों में लगातार जनता का आशीर्वाद लेकर सेवा कर रही है। दोनों दल आपस में सम्मानपूर्वक काम कर रहे हैं। नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में 16 सालों से विकास के काम हो रहे हैं। इस दौरान भूपेंद्र ने यह भी बताया कि बिहटा ईएसआईसी मेडिकल कालेज का जल्द ही उद्घाटन की तैयारी है। वहीं एनडीए के घटक दलों की नाराजगी से जुड़े सवाल पर दोनों दलों से नेताओं ने कहा कि हम सभी को विश्वास में लेकर ही काम करेंगे।
आपसी समझदारी से मजबूत फैसलाः जदयू
भूपेंद्र यादव ने कहा कि 13 सीटों पर भाजपा लड़ेगी। इसमें एक सीट बीजेपी पशुपति पारस वाली लोजपा को देगी। 11 सीटों पर जदयू ने लड़ने का तय किया है। वहीं, जदयू के वरिष्ठ नेता विजय चौधरी ने कहा कि भाजपा 13 सीटों पर लड़ना चाहती थी। हम लोग 12 सीटों पर लड़ना चाहते थे। इस पर लगातार बातचीत होते रही थी, लेकिन भाजपा ने एक सीट पर लोजपा को एडजस्ट किया है। 12 पर भाजपा, 11 पर जेडीयू व एक सीट पर पारस गुट की लोजपा चुनाव लड़ेगी। यह आपसी समझदारी व मजबूत फैसला है। उन्होंने कहा कि आज से कयासों पर विराम लगेगा।
नरेन्द्र मोदी और नीतीश कर रहे विकास
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि हम एक मिशन पर चल रहे हैं कि बिहार विकास के पथ पर अग्रसर रहे। केंद्र में नरेन्द्र मोदी और बिहार में नीतीश कुमार बेहतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि जैसे पहले के चुनावों में राजग पर जनता ने भरोसा किया है वैसे ही आगे भी करेगी। शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि हमारे विकास कार्यों का असर है कि चौथी बार हम सरकार में हैं। एनडीए के ऊपर जनता भरोसा जता रही है। हमारा गठबंधन मजबूती से काम कर रहा है। विजय कुमार चौधरी ने कहा कि हम अच्छा चुनाव लड़ेंगे और चुनाव जीतेंगे भी।
भाजपा-जदयू की सीटें
भाजपा रोहतास, औरंगाबाद, सारण, सिवान, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, किशनगंज,कटिहार, सहरसा,गोपालगंज, बेगूसराय,समस्तीपुर और वैशाली। वैशाली सीट लोजपा के खाते में जाएगी। वहीं, जेडीयू कोटे में पटना, भोजपुर, गया, नालंदा, मुजफ्पऱपुर, प.चंपारण, सीतामढ़ी, भागलपुर, मुंगेर, नवादा और मधुबनी शामिल है।