पटना में राजद कार्यालय के सामने सड़क पर कट को लेकर नीतीश कुमार पर भड़के जगदानंद
राजद कार्यालय के सामने की सड़क के कट को बंद करने पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व मंत्री जगदानंद सिंह का गुस्सा मंगलवार को सातवें आसमान पर पहुंच गया। उनकी नाराजगी इतनी बढ़ी के उन्होंने मजदूरों के काम पर भी तत्काल रोक लगा दी।
राज्य ब्यूरो, पटना: बिहार की राजधानी पटना में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) कार्यालय के सामने की सड़क के कट को बंद करने पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व मंत्री जगदानंद सिंह का गुस्सा मंगलवार को सातवें आसमान पर पहुंच गया। उनकी नाराजगी इतनी बढ़ी के उन्होंने मजदूरों के काम पर भी तत्काल रोक लगा दी। प्रकरण मंगलवार की दोपहर का है। जगदानंद सिंह इतना गुस्साए कि उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री को ही भला-बुरा कह दिया।
सड़कों के कट बंद करने का चल रहा अभियान
बता दें कि बिहार की राजधानी पटना में सड़क पर यातायात को नियंत्रित करने के लिए इन दिनों सड़कों के कट बंद करने का अभियान चल रहा है। मंगलवार की दोपहर मजदूरों की एक टीम वीरचंद पटेल पथ स्थित राष्ट्रीय जनता दल (राजद) कार्यालय के सामने की सड़क कट को बंद करने पहुंची थी। इस बात की जानकारी राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह तक पहुंचाई गई। सूचना पाकर जगदानंद सिंह तत्काल वहां पहुंचे और सड़क कट बंद करने का विरोध करने लगे। इतना ही नहीं उन्होंने कट बंद करने का काम भी बंद करवा दिया।
जगदानंद का गुस्सा शांत नहीं हुआ
कट बंद होते देख जगदानंद सिंह का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उन्होंने मजदूरों को तत्काल काम रोकने का कहा और काम रुक गया। बावजूद जगदानंद का गुस्सा शांत नहीं हुआ। सड़क पर खड़े-खड़े उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा और उन्हें भला बुरा कहा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चाहते हैं कि वीरचंद पटेल पथ के बीच के सभी कट बंद हो जाएं और लोग इनकम टैक्स गोलंबर से यू-टर्न लें। लेकिन यह काम करना है तो पहले भाजपा आफिस के सामने का कट बंद होना चाहिए। भाजपा आफिस के कट को क्यों नहीं बंद किया जा रहा है। उन्होंने कहा यह रास्ता बंद नहीं होगा। बहरहाल जगदानंद सिंह के गुस्से के बाद कट को बंद करने का काम रुक गया है।