कृषि कानूनों व बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन कल, राजभवन का भी घेराव करेगी पार्टी
Bihar Politics कांग्रस अध्यक्ष सोनिया गांधी के निर्देश पर बिहार में पार्टी कृषि कानूनों व बढ़ती महंगाई के खिलाफ शुक्रवार को प्रदर्शन करेगी। इस दौरान वह राजभवन का घेराव भी करेगी। इसके लिए पार्टी का राजभवन मार्च शुक्रवार की दोपहर 12 बजे सदाकत आश्रम से शुरू होगा।
राज्य ब्यूरो, पटना। तीन नए कृषि कानून (New Agricultural Laws) को लेकर सर्वोच्च न्यायालय (Supreme Court) के हस्तक्षेप के बीच बिहार के कांग्रेसी नेता शुक्रवार को इस कानून और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच राजधानी पटना में मार्च निकाल अपना विरोध दर्ज कराएंगे साथ ही राजभवन का घेराव भी करेंगे।
आलाकमान के निर्देश पर आंदोलन करेगी बिहार कांग्रेस
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के निर्देश पर पार्टी महासचिव के सी वेणुगोपाल ने नौ जनवरी को बिहार कांग्रेस नेतृत्व को एक पत्र भेज बिहार में तीन नए कृषि कानून और पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ती कीमतों के खिलाफ प्रदर्शन और राजभवन का घेराव करने के निर्देश दिए थे। जिसके बाद बिहार के कांग्रेसी प्रदर्शन की तैयारी में जुटे हुए हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ मदन मोहन झा के हवाले पार्टी के सभी 19 विधायकों, विधान पार्षदों, पूर्व विधायक, जिला अध्यक्ष के साथ सभी ऑफिस बेयरर और कार्यकर्ताओं को प्रदर्शन के लिए पटना में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।
पटना में राजभवन का घेराव करेंगे पार्टी कार्यकर्ता
पार्टी के मीडिया पैनलिस्ट आसित नाथ तिवारी ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर 12 बजे सदाकत आश्रम से मार्च प्रारम्भ होगा। जो राजपुल, बोरिंग रोड होता हुआ हड़ताली मोड़ तक जाएगा। हड़ताली मोड़ से निकल पार्टी नेता कार्यकर्ता राजभवन जाएंगे और राजभवन का घेराव करेंगे।
सरकार को जगाने के लिए सड़क पर उतरना मजबूरी
इधर पार्टी विधानमंडल दल के नेता अजीत शर्मा ने कहा कि राज्य में नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार को गठित हुए दो महीने से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी विकास कार्य शुरू नहीं हुए है। राज्य की विधि व्यवस्था पूरी तरह से सरकार के नियंत्रण से बाहर हो चुकी है और सरकार कान में तेल डालकर सोई हुई है। इस सरकार को जगाने के लिए कांग्रेस को मजबूरी में सड़क पर उतरना पड़ रहा है। उन्होंने कहा राज्यहित में जब जरूरी होगा पूरा विपक्ष सरकार के खिलाफ होकर सड़क पर उतरेगा और सरकार को कुंभकरणी नींद से जगाने की कोशिश करेगा।