Bihar Politics: चिराग पासवान पर पशुपति पारस के गुट का हमला, प्रिंस राज को दुष्कर्म के केस में फंसाने का आरोप
Prince Raj and Chirag Paswan प्रिंस राज पर दुष्कर्म और चिराग पासवान पर मामले को दबाने के आरोप पर बिहार में सियासत तेज हो गई है। पशुपति पारस के गुट ने इस मामले में चिराग पर ही साजिश का आरोप लगाया है।
पटना, आनलाइन डेस्क। Bihar Politics: लोजपा के सांसद प्रिंस राज उर्फ प्रिंस पासवान (Prince Raj) के खिलाफ दुष्कर्म के आरोप पर दिल्ली में प्राथमिकी दर्ज करने की कवायद शुरू होते ही बिहार में सियासत तेज हो गई है। प्रिंस राज पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए एक युवती ने दिल्ली के कनाट प्लेस थाने में आवेदन दिया है। बताया जा रहा है कि इस मामले में पुलिस ने अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की है, लेकिन ऐसा हो सकत है। मामले को लेकर जदयू और भाजपा जैसे दलों के नेता जहां बीच-बचाव में जुटे हैं, वहीं लोजपा में अंतर्कलह तेज हो गया है। लोजपा (पारस गुट) के प्रवक्ता श्रवण कुमार ने पूरे मामले के लिए चिराग पासवान को ही जिम्मेदार ठहराया है।
पशुपति पारस और चिराग गुट के अलग-अलग दावे
लोजपा प्रवक्ता श्रवण कुमार ने कहा कि चिराग पासवान ही प्रिंस राज को फंसाने के लिए साजिश रच रहे हैं। वहीं चिराग गुट के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने कहा कि इस मामले में चिराग पासवान की कोई भूमिका नहीं है। उन्होंने दोनों पक्षों से बात कर उन्हें समझाने की कोशिश जरूर की थी, लेकिन आपस में बात नहीं बनने पर थाने जाने की सलाह भी दी थी। जदयू प्रवक्ता अभिषेक झा ने कहा कि किसी की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज किया जाना एक सामान्य कानूनी प्रक्रिया है और जांच के बाद सच्चाई सामने आएगी।
परिवार में टूट के बाद चिराग ने उठाया था मसला
पिछले दिनों जब चाचा पशुपति पारस के नेतृत्व में लोजपा के बाकी सांसदों ने चिराग पासवान के नेतृत्व को नकारते हुए अपना नया नेता चुन लिया था तो प्रिंस राज भी भाई की बजाय अपने चाचा के साथ ही नजर आए। चिराग इस पूरे घटनाक्रम से काफी मर्माहत हुए और एक पत्र जारी करते हुए उन्होंने बताया था कि परिवार के सदस्यों के लिए किस तरह वे हमेशा मजबूती से खड़े रहे। उस समय चिराग ने इस युवती के मामले का जिक्र भी किया था, जिसने अब प्रिंस के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है।