Bihar Politics: चिराग को फिर भाजपा ने दिया झटका, पारस के आवास पर पहुंचे संजय जायसवाल
दिल्ली में केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस के आवास पर रामचंद्र पासवान के श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डा. संजय जायसवाल। इसे चिराग पासवान के लिए भाजपा की ओर से एक और झटका माना जा रहा है।
पटना, राज्य ब्यूरो। लोजपा पर अधिकार और संसदीय दल के नेता पद की लड़ाई में फंसे चिराग पासवान (Chirag Paswan) को भाजपा (BJP) ने एकबार फिर झटका दिया है। प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष संजय जायसवाल (Dr Sanjay Jaiswal) बुधवार को केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री पशुपति पारस (Union Minister Pashupati Paras) के आवास पर आयोजित पूर्व सांसद रामचंद्र पासवान के श्रद्घांजलि कार्यक्रम में शामिल हुए।
चिराग की जगह पारस और प्रिंसराज
इसे लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे। कारण भी है-लोजपा में टूट और पारस को लोजपा संसदीय दल के नेता की मान्यता देने से लेकर केंद्रीय कैबिनेट में शामिल करने पर भाजपा का जो अंदाज-ए-बयां रहा, उससे खिन्न होकर चिराग पासवान भाजपा के प्रति खुलेआम नाराजगी जाहिर कर चुके हैं। अब यह चर्चा भी जोर पकड़ चुकी है कि भाजपा की पसंद बदल गई है और चिराग की जगह पारस और प्रिंस राज ने ले ली।पारस ने बताया कि संजय जायसवाल मेरे भाई रामचंद्र पासवान के पुण्यतिथि कार्यक्रम में आए तो मेरे साथ सांसद प्रिंस राज ने उनकी अगवानी की। जनता ने हम तीन भाइयों को चुनकर जिस संसद में भेजा, वहां पर मेरे बड़े भाई का बेटा चिराग पासवान हैं और छोटे भाई का बेटा प्रिंस राज भी। दोनों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं। लोकसभा चुनाव की तैयारी मान रहे विश्लेषक
राजनीतिक विश्लेषक मान रहे कि चिराग से अलग होकर केंद्र में मंत्री बने पारस और प्रिंस राज के साथ भाजपा मजबूती के साथ खड़ी दिख रही। यह सब 2024 (लोकसभा चुनाव) की तैयारी है। इधर, लोजपा (पारस गुट) के मुख्य प्रवक्ता श्रवण अग्रवाल ने बताया कि संजय जायसवाल के आने पर कोई राजनीतिक निहितार्थ नहीं निकाला जाना चाहिए। श्रद्धांजलि देने वालों में लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष प्रिंस राज, सांसद वीणा देवी, चंदन सिंह, पूर्व सांसद सूरजभान सिंह, प्रधान महासचिव केशव सिंह, रामजी सिंह और दलित सेना के अध्यक्ष सूर्यमणी भीमगढ़े समेत बड़ी संख्या में नेता व कार्यकर्ता भी शामिल थे।