Bihar Politics: नए विधायकों के स्वागत के लिए तैयार हो रही बिहार विधानसभा, 23 से पहला सत्र
Bihar politics बिहार विधानसभा चुनाव में नये सत्र के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। नवनिर्वाचित विधायकों को विधानसभा सत्र के पहले दिन शपथ दिलाई जाएगी। कई विधायक इस विधानसभा में पहली बार जीतकर आये हैं तो दो-तिहाई पहले भी इस पद पर रह चुके हैं।
पटना, जेएनएन। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राजग की नई सरकार के गठन के बाद अब 17वीं विधानसभा के गठन की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। नई विधानसभा का पहला सत्र 23 नवंबर से शुरू होने जा रहा है, जो 27 नवंबर तक चलेगा। नव निर्वाचित विधायकों के स्वागत के लिए विधानसभा को तैयार किया जा रहा है। कोरोना के खतरे को देखते हुए सत्र का आयोजन सेंट्रल हाल में किया जाएगा।
विधानसभा और विधान परिषद के पूरे परिसर को किया जा रहा सैनिटाइज
सुरक्षा के लिहाज से विधानसभा और विधान परिषद के पूरे परिसर को सैनिटाइज किया जा रहा है। शुरू के दो दिन विधायकों की शपथ में गुजर जाएंगे। उसके बाद 25 नवंबर को नए अध्यक्ष का चुनाव होगा। इस बार भाजपा के वरिष्ठ नेता नंद किशोर यादव को अध्यक्ष पद की जिम्मेवारी मिलने जा रही है। सदन में संख्या बल को देखते हुए अध्यक्ष का चुनाव महज औपचारिकता भर रह गया है। अगले दिन 26 नवंबर को राज्यपाल फागू चौहान दोनों सदनों के सदस्यों को संयुक्त रूप से संबोधित करेंगे।
27 नवंबर को राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव
सत्र के आखिरी दिन 27 नवंबर को राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव एवं सरकार की ओर से उत्तर होगा। उसके बाद सत्र को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया जाएगा। इस बार विभिन्न दलों से 90 विधायक ऐसे हैैं, जो पहली बार विधानसभा पहुंचे हैैं। पिछले सत्र के 89 सदस्य दोबारा जीतकर आए हैैं। 64 विधायक ऐसे हैैं, जो पहले कभी न कभी जीत चुके हैैं। किंतु 2015 में उन्हें मौका नहीं मिला था।
होटलों में ठहराये जाएंगे नये चुनकर आये विधायक
विधानसभा में पहली बार चुनकर आये विधायकों को फिलहाल होटलों में ठहराया जाएगा। इसके लिए पटना जिला प्रशासन को जरूरी इंतजाम करने हैं। विधानसभा की ओर से इसके लिए जिला प्रशासन को जरूरी बजट उपलब्ध करा दिया गया है।