बिहार में 16 साल में 23 गुना बढ़ी महिला पुलिस की संख्या, जानिए कितनी महिलाएं बनीं दारोगा और सिपाही
Lady Staff in Bihar Police बिहार में महिला पुलिस स्टाफ की तादाद पिछले पांच साल में तीन गुना और 16 साल में 23 गुना तक बढ़ गई है। महिलाओं के लिए यह करियर का अच्छा विकल्प भी साबित हो रहा है।
पटना, राज्य ब्यूरो। Bihar Police: बिहार पुलिस में महिला पुलिसकर्मियों की संख्या (Lady Staff in Bihar Police) पिछले 16 सालों में अप्रत्याशित रूप से बढ़ी है। वर्ष 2005 में राज्य में महिला पुलिसकर्मियों की संख्या महज 867 थी। इसमें 805 सिपाही, 11 सहायक अवर निरीक्षक और 51 पुलिस अवर निरीक्षक यानी दारोगा थीं। वहीं अब महिला पुलिसकर्मियों की संख्या 20 हजार के करीब पहुंच गई है। इसमें 18,744 सिपाही, 225 सहायक अवर निरीक्षक और 882 पुलिस अवर निरीक्षक शामिल हैं। इसके अलावा 833 महिला पुलिस अवर निरीक्षक व परिचारी की नियुक्ति की कार्रवाई अभी प्रक्रियाधीन है।
पांच साल में तीन गुना बढ़ी महिला पुलिस की तादाद
गृह विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले पांच सालों में भी महिला पुलिसकर्मियों की संख्या तिगुनी बढ़ी है। वर्ष 2016 में राज्य में 6,575 महिला पुलिसकर्मी थीं। इसमें 6289 सिपाही, 116 सहायक अवर निरीक्षक जबकि 170 पुलिस अवर निरीक्षक शामिल हैं। बिहार के हर जिले में महिला थाने खोले गए हैं, जिनमें महिला दारोगा को ही थानेदार बनाया जाता है।
- बिहार में 16 साल में 867 से 19,851 हुई महिला पुलिसकर्मी
- पिछले पांच सालों में तिगुनी हुई संख्या, थानों की भी संभाल रहीं कमान
- 833 महिला पुलिस अवर निरीक्षक व परिचारी की नियुक्ति प्रक्रिया जारी
50 से अधिक महिला थानाध्यक्ष
पुलिस मुख्यालय ने पिछले तीन माह में बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती थानों में की है। दिसंबर तक थानों में करीब 25 फीसद महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा चुकी थी। इसमें 50 से अधिक महिला पुलिसकर्मी को थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। आने वाले समय में इस संख्या को और बढ़ाने की तैयारी है। इसके साथ ही गृह विभाग ने पुलिस मुख्यालय से महिला आरक्षण लागू होने के पूर्व और लागू होने बाद महिला पुलिसकर्मियों के प्रतिशत में आए अंतर का विवरण मांगा है।
इस तरह बढ़ीं महिला पुलिसकर्मियों की संख्या
- पदनाम वर्ष 2005 वर्ष 2016 वर्ष 2021
- सिपाही 805 6289 18,744
- एएसआइ 11 116 225
- दारोगा 51 170 882