Bihar News Today, 03 July 2021: बिहार में तबादले पर सियासी जंग, राम विलास के बहाने ताकत दिखाने की कोशिश
Bihar News Today 03 July 2021 बिहार में आज की प्रमुख खबरों में बाढ़ दरभंगा ब्लास्ट के आरोपितों का एनआइए के हाथ लगने के बाद बिहार लाया जाना है। इसके अलावा ट्रांसफर-पोस्टिंग के बाद सियासी बवाल और राम विलास पासवान की जयंती के बहाने चल रही सियासी उठापटक है
पटना, जागरण टीम। Bihar News Today, 03 July 2021: बिहार में आज की प्रमुख खबरों में बाढ़, दरभंगा ब्लास्ट के आरोपितों का एनआइए के हाथ लगने के बाद बिहार लाया जाना, ट्रांसफर-पोस्टिंग के बाद सियासी बवाल और राम विलास पासवान की जयंती के बहाने चल रही सियासी उठापटक है। उत्तर बिहार के कई जिलों में एक बार फिर से बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। उधर, ट्रांसफर-पोस्टिंग में उगाही और अफसरों की मनमानी के आरोप पर सरकार चौतरफा घिरती दिख रही है। सरकार के मंत्री और सत्ता पक्ष के कई नेताओं ने इस मसले पर नसीहत देनी शुरू कर दी है।
पांच जुलाई को तीन मंच मनाएंगे राम विलास की जयंती
पांच जुलाई को बिहार में लोजपा (चिराग गुट) और लोजपा (पारस गुट) अलग -अलग मंच पर दिवंगत नेता राम विलास पासवान की जयंती मनाने की तैयारी में हैं। इनके अलावा राजद भी पांच जुलाई को ही अपने स्थापना दिवस के मौके पर पासवान को याद करेगा। सबकी कोशिश है कि वे राम विलास पासवान के सच्चे हमदर्द, करीबी और वारिस दिखें। इनके अलावा भी लोग पासवान की जयंती मनाएंगे, लेकिन इन तीन मंचों पर सभी की निगाह रहेगी।
आरके सिन्हा ने अफसरों को दी है हिदायत
इधर, बिहार के विभिन्न विभागों में तबादलों के मसले पर छिड़ी रार में नेताओं की ओर से लगातार नए बयान सामने आ रहे हैं। सत्ता पक्ष में सबसे पहले मंत्री मदन सहनी ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा था कि अफसर उनकी सुनते तक नहीं। भाजपा के विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू ने कहा था कि तबादले में रुपयों की उगाही का बड़ा खेल हुआ है। अब भाजपा के ही वरिष्ठ नेता आरके सिन्हा ने अफसरों को हद में रहने और मंत्री का सम्मान करने की हिदायत दी है।