Bihar Lockdown News: लॉकडाउन में कोरोना टीकाकरण और ई कॉमर्स सेवाओं पर उद्यमियों ने की ये मांग
Bihar Complete Lockdown News बिहार में पूर्ण रूप से लॉकडाउन लगाने के राज्य सरकार के फैसले का विभिन्न उद्योग संघों ने स्वागत किया है। उद्योग संघों ने इसे पूरी सख्ती के साथ लागू करने की मांग मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से की है।
पटना, जागरण संवाददाता। Bihar Complete Lockdown News: बिहार में पूर्ण रूप से लॉकडाउन लगाने के राज्य सरकार के फैसले का विभिन्न उद्योग संघों ने स्वागत किया है। उद्योग संघों ने इसे पूरी सख्ती के साथ लागू करने की मांग मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से की है। गौरतलब है कि बिहार सरकार की ओर से 15 मई तक के लिए लॉकडाउन लगाने का फैसला लिया गया है। इस फैसले का राज्य के व्यवसायियों के प्रमुख संगठन बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन और कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स ने स्वागत किया है। उद्यमी काफी पहले से पूर्ण लॉकडाउन लगाने की मांग सरकार से कर रहे थे।
ये भी पढ़ें, Bihar Lockdown News: बिहार में 15 मई तक लगा पूर्ण लॉकडाउन, CM नीतीश ने खुद दी जानकारी
बीआइए बोला- टीकाकरण अभियान पर नहीं पड़े असर
बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष रामलाल खेतान ने कहा है कि लॉकडाउन का सख्ती के साथ पालन होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए कि लॉकडाउन की वजह से किसी चीज की कालाबाजारी नहीं हो। इसके साथ ही वैक्सीन देने का अभियान भी तीव्र गति से चलता रहे।
कैट ने भी किया सरकार के फैसले का स्वागत
उधर कंफेडरेशन आफ आल इंडिया ट्रेडर्स के अध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा ने कहा ने भी राज्य सरकार के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा है कि हमलोग पूर्व से ही पूर्ण लॉकडाउन की मांग कर रहे थे। आज हमारी मांग पूरी हो गई है। हालांकि कुछ सेवाओं को छूट भी दी गई है। इसमें ई कॉमर्स सेवा भी शामिल है।
ये भी पढ़ें, लॉकडाउन का नाम सुनते हैं झोला-बोरी लेकर खरीदारी करने पहुंचे लोग
ई कॉमर्स को केवल आवश्यक वस्तुओं तक सीमित करने की मांग
कैट ने मांग की है कि ई कॉमर्स सेवा के जरिये सिर्फ आवश्यक वस्तुओं की ही आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। अगर गैर आवश्यक सभी वस्तुओं को छूट दी जाएगी तो इससे वैसे खुदरा विक्रेताओं को नुकसान होगा, जो ई कॉमर्स व्यापार से नहीं जुड़े हैं। उधर, बिहार महिला उद्योग संघ की ओर से भी लॉकडाउन लगाने के फैसले का स्वागत किया गया है|