Bihar Lockdown-2 : भोजपुर में प्रशासन ने सील किया मॉल, लाठियों से हुआ बेवजह घुमने वालों का स्वागत
शहरी इलाके से लेकर प्रखंड के प्रमुख बाजारों में लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया गया। आरा शहर में अलग-अलग जगहों से करीब 30 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा गड़हनी में एक मॉल को सील किया गया।
आरा, जागरण संवाददाता। भोजपुर जिले में लॉकडाउन के दूसरे चरण का पालन कराने को लेकर पुलिस प्रशासन का सख्त दिख रहा है। शहरी इलाके से लेकर प्रखंड के प्रमुख बाजारों में लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया गया। आरा शहर में अलग-अलग जगहों से करीब 30 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा गड़हनी में एक मॉल को सील किया गया। रविवार को लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराने को लेकर पुलिस को सड़कों पर लाठियां चटकानी पड़ीं। बेवजह सड़कों पर घूमते पकड़े जाने वालों को जुर्माना देने के साथ-साथ लाठियां भी खानी पड़ी। उठक-बैठक भी करनी पड़ी। इसे लेकर हड़कंप मचा रहा।
वाहनों पर लगाया गया जुर्माना
टाउन थाना ने 14 हजार एवं नवादा थाना ने 13 हजार रुपये जुर्माना वसूला। रविवार को शहर के गोपाली चौक, जेल रोड, चंदवा मोड़, कतीरा मोड़, सांस्कृतिक भवन मोड़, शिवगंज एवं गांगी समेत कई जगहों पर वाहन चेकिंग लगाया गया था। इस दौरान जो भी लोग बेवजह घूमते पाए गए, उन्हें ऑन द स्पॉट दंडित किया जा रहा था।
मॉल में चोरी-छिपे हो रही थी कपड़े की बिक्री, गिरी गाज
गड़हनी थाना क्षेत्र अंतर्गत नया बाजार के समीप रविवार को लॉकडाउन के उल्लंघन के आरोप में सीओ उदयकांत चौधरी ने प्रियांशु मॉल को सील कर दिया। पूर्व में भी दो दुकानें सील हुई थीं। बताया जाता है कि प्रशासन को लगातार शिकायत मिल रही थी कि कुछ लोगों के सहयोग से मॉल को चोरी-छिपे खोल कर कपड़ा की बिक्री की जा रही है। इससे लॉकडाउन उल्लंघन हो रहा है।
सदर अनुमंडल अधिकारी आरा के कड़े निर्देश के आलोक में सीओ उदयकांत चौधरी व थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने मॉल को सील कर दिया। सीओ के अनुसार लॉकडाउन को देखते हुए बार-बार चेतावनी दुकानदार को दी जा रही थी, लेकिन दुकानदार अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था।