Bihar Lockdown- 3 Guidelines: बिहार में लॉकडाउन विस्तार को ले फैसला कल, जानिए वर्तमान व संभावित गाइडलाइन
Bihar Lockdown-3 Guidelines बिहार में लॉकडाउन के विस्तार को लेकर अहम फैसला सोमवार को होने जा रहा है। इस बीच मुख्य सचिव की के साथ हुई बैठक में सभी जिलाधिकारियों ने लॉकडाउन के विस्तार को लेकर अपनी सहमति दी है। नए विस्तार की संभावित गाइडलाइन पर डालते हैं नजर।
पटना, ऑनलाइन डेस्क। Bihar Lockdown- 3 Guidelines: बिहार में लॉकडाउन का विस्तार कर इसके तीसरे चरण को लागू किए जाने पर फैसला सोमवार को आपदा प्रबंधन समूह की बैठक में हो जाएगा। इस बीच बड़ी खबर यह है कि मुख्य सचिव की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से हुई बैठक में सभी जिलाधिकारियों ने इसे बढाने की सिफारिश की है। लॉकडाउन भले ही बढ़ जाए, लेकिन इसके तीसरे चरण की गाइडलाइन में कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं। फिलहाल किराना दुकान, दूध, सब्जी और कृषि से जुड़ी कुछ दुकानों को सुबह के वक्त केवल चार घंटे के लिए खोलने की अनुमति दी गई है। दुकानदार चाहते हैं कि इस अवधि को बढ़ाया जाए। खासकर शहरी क्षेत्र के दुकानदार इसमें बदलाव के लिए सरकार से मांग कर रहे हैं। शहरी क्षेत्र में सुबह 10 बजे ही सभी दुकानें बंद कर दी जा रही हैं। ऐसा माना जा रहा है कि सरकार इस बार ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिबंधों की सख्ती बढ़ा सकती है।
ग्रामीण इलाके में अभी शहरी क्षेत्र से अलग व्यवस्था
नए सर्वेक्षणों में यह बात सामने आई है कि कोरोना का संक्रमण अब शहर की अपेक्षा गांवों में तेजी से बढ़ रहा है। इसके पीछे वजह यह है कि गांवों में लोग अब भी संक्रमण को लेकर अधिक गंभीर नहीं हैं। गांवों में शादियों और पारिवारिक आयोजनों में खूब भीड़ हो रही है। गांव के बाजारों में भी गाइडलाइन का सही तरीके से पालन नहीं हो रहा है। इसके बनिस्बत शहर के लोग वायरस को लेकर ज्यादा सतर्क हैं और यहां पुलिस व प्रशासन की सख्ती से गाइडलाइन का अनुपालन भी बेहतर तरीके से हो रहा है। इस बार उम्मीद है कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में संक्रमण का फैलाव रोकने पर ज्यादा जोर देगी। फिलहाल गांवों में दुकानें खोलने का समय सुबह आठ से दोपहर 12 बजे तक है।
कृषि कार्य से जुड़ी गतिविधियों के लिए बढ़ सकती है छूट
अगले कुछ दिनों में खरीफ फसल के लिए खेतों में गतिविधियां शुरू हो जाएंगी। इसे देखते हुए सरकार कृषि कार्य और इससे संबंधित दुकानों पर छूट का दायरा बढ़ा सकती है। सरकार का पूरा ध्यान है कि लॉकडाउन का असर कृषि कार्य पर नहीं पड़े। खाद-बीज की दुकानों को फिलहाल हफ्ते में केवल दो दिन सोमवार व गुरुवार को सुबह छह से 10 बजे तक ही खोलने की इजाजत है। यह अवधि बढ़ाई जा सकती है।
ये चीजें अभी रहेंगी बंद
बिहार लॉकडाउन- 3 की गाइडलाइंस में सिनेमाघर, पार्क, जू, स्कूल-कॉलेज और कोचिंग को बंद ही रखा जाएगा। यह तो लगभग तय ही है। आवश्यक सेवाओं के अलावा सभी सरकारी और निजी दफ्तर फिलहाल बंद रखे जा रहे हैं और आगे भी इसे जारी रखे जाने की पूरी उम्मीद है।
इन सेवाओं को जारी रहेगी छूट
सूत्रों की मानें तो लॉकडाउन-3 में नगर निगम कर्मी, रेल सेवा, हवाई यात्रा, लंबी दूरी के यात्रियों को स्टेशन और हवाई अड्डे से घर जाने के लिए निजी वाहन, डाक और दूरसंचार सेवा, ई कॉमर्स, रेस्टोरेंट से होम डिलिवरी जैसी सेवाओं को दी जा रही छूट जारी रहेगी।
ये भी पढ़ें, बिहार लॉकडाउन-3 पर सरकार आज लेगी बड़ा फैसला, सीएम नीतीश ने लॉकडाउन बढ़ाने के दिए संकेत