बिहार के आठ हजार युवाओं को पंचायत कार्यपालक सहायक बनने का मौका, मंत्री ने की घोषणा
राज्य की सभी पंचायतों में पंचायत सरकार भवन बनाए जाएंगे। इन भवनोंं में आरटीपीजीएस काउंटर भी खोले जाएंगे ताकि किसी ग्रामीण को अपने कार्य के लिए प्रखंड मुख्यालय जाने की जरूरत नहीं होगी। मंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि पंचायत कार्यपालक सहायक की नियुक्ति भी की जाएगी।
राज्य ब्यूरो, पटना : पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि राज्य की सभी पंचायतों में पंचायत सरकार भवन बनाए जाएंगे। इन भवनोंं में आरटीपीजीएस काउंटर भी खोले जाएंगे, ताकि किसी ग्रामीण को अपने कार्य के लिए प्रखंड मुख्यालय जाने की जरूरत नहीं होगी। वे सोमवार को भाजपा मुख्यालय में आयोजित सहयोग कार्यक्रम के बाद मीडिया से बात कर रहे थे। कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण मंत्री नीरज कुमार बबलू भी शामिल हुए। साथ ही पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी ने पंचायत कार्यपालक सहायकक की नियुक्ति किए जाने की भी घोषणा की।
अब तक 7,600 की हो चुकी है नियुक्ति
पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सभी पंचायतों में पंचायत कार्यपालक सहायक रखे जाने हैं। विभाग ने अब तक 7,600 पंचायत कार्यपालक सहायक की नियुक्ति की है। राज्य के आठ हजार युवाओं को कार्यपालक सहायक बनने का मौका मिलेगा। बेल्ट्रान को यह काम सौंपा गया है। बेल्ट्रान के माध्यम से परीक्षा देकर अभ्यर्थी पंचायत कार्यपालक सहायक बन सकते हैं। एक प्रश्न पर उन्होंने कहा कि राजद अक्षम हो गया है। उस पार्टी में नेता, नीति और नेतृत्व का घोर अभाव है।
युवा नेता की प्रतिभा का लाभ लेना चाहिए
नीरज कुमार बबलू ने लोगों से अपील की कि वे वृक्ष लगाएं, ताकि पर्यावरण को बचाया जा सके। आमजन का दायित्व है कि इस बात का ख्याल रखें कि कोई पेड़ ना काटने पाए। पर्यावरण को संतुलित रखने के लिए वृक्ष आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सरकार ने बड़े पैमाने पर नदियों के किनारे वृक्ष लगाने का काम शुरू किया है, क्योंकि वृक्ष हमारे जीवन में हरियाली लाने के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहते हैं। बबलू ने तेजप्रताप यादव को प्रतिभा संपन्न बताते हुए कहा कि राजद को इस युवा नेता की प्रतिभा का लाभ लेना चाहिए। उन्होंने कहा, जो व्यक्ति परिवार में प्रतिभा का सम्मान नहीं कर सकता वह राज्य का क्या भला करेगा!