अमेरिकी राष्ट्रपति और भारतीय प्रधानमंत्री की हत्या हुई, जीरो क्राइम संभव ही नहीं; बोले बिहार सरकार के मंत्री
राजद की सरकार के मुकाबले नीतीश सरकार में बिहार में अपराध के आंकड़े इसलिए बढ़े क्योंकि दर्ज होते हैं सभी मामले सदन में प्रभारी गृह मंत्री ने दिया अनोखा जवाब कहा- प्रदेश की जनता में बढ़ा है कि कानून पर विश्वास पुरानी सरकार के दिनों की भी दिलाई याद
पटना, राज्य ब्यूरो। Bihar Politics: बिहार सरकार (Bihar Government) ने मंगलवार को विधानसभा (Bihar Vidhansabha) में यह स्वीकार किया कि राजद (RJD) की सरकार के मुकाबले नीतीश सरकार (Bihar CM Nitish Kumar) में अपराध का आंकड़ा बढ़ा है। हालांकि इसके पीछे प्रदेश के प्रभारी गृह मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव (Bijendra Prasad Yadav) ने अनोखा तर्क दिया। उन्होंने कहा कि 2005 की तुलना में 2019 में अपराध की घटनाओं 102 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। यह इसलिए कि पहले अपराध की घटनाएं दर्ज नहीं होती थीं। अब सभी घटनाएं दर्ज होती हैं। बिहार सरकार के मंत्री प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव (Tejaswi Yadav) के आरोपों का जवाब दे रहे थे।
अपराध को पूरी तरह रोकना संभव नहीं
बिहार सरकार के मंत्री ने नेता प्रतिपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि जीरो क्राइम की अवधारणा व्यवहार में संभव नहीं है। अमेरिकी राष्ट्रपति और भारतीय प्रधानमंत्री की हत्या हुई। महात्मा गांधी की हत्या हुई। उन्होंने दावा किया है कि वैज्ञानिक पद्धति से अनुसंधान, पुलिस की त्वरित कार्रवाई और पर्यवेक्षण में अधिक अधिकारियों की सहभागिता से अपराध पर काबू है।
2005 की तुलना में सुधरी है विधि-व्यवस्था
बिजेंद्र यादव ने कहा कि 2005 की तुलना में कानून व्यवस्था की हालत में काफी सुधार हुआ है। लोग अमन-चैन की जिंदगी बसर कर रहे हैं। गृह विभाग का बजट पेश करने के दौरान वे सरकार की उपलब्धियां गिना रहे थे। सदन ने ध्वनिमत से एक सौ 39 अरब, 73 करोड़ रुपये का बजट पारित कर दिया।
पुलिस के रिक्त पदों को सरकार ने भरा
उन्होंने कहा कि अपराध के मामलों के पर्यवेक्षण का दायरा बढ़ाया गया है। उप महानिरीक्षक भी पर्यवेक्षण कर रहे हैं। इसका नतीजा है कि लंबित मामलों की संख्या में भारी गिरावट आई है। बिहार विधानसभा के चुनाव के दौरान राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था की चुनाव आयोग ने तारीफ की। अधिकारियों को ईनाम दिया गया। अब राज्य के अधिकारियों को कहा गया है कि अपने अनुभव का उपयोग पश्चिम बंगाल के चुनाव में करें। प्रभारी मंत्री ने कहा कि 2005 में नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार बनी। पुलिसकर्मियों के पद बड़ी संख्या में खाली थे। कानून व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए इन पदों पर पूर्व सैनिकों की बहाली की गई।
शाम ढलने के बाद नहीं निकलते थे लोग
बिजेंद्र प्रसाद यादव ने 2005 के पहले की हालत का जिक्र किया। कहा कि पटना जिले के आसपास के लोग भी शाम ढलने के बाद नहीं निकलते थे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पंचायतों में आरक्षण के जरिए बुनियादी शासन में आम लोगों की भागीदारी बढ़ाई। विकास हुआ। अमन चैन का माहौल कायम हो गया। मंत्री ने कहा कि पुलिस को साधन संपन्न किया गया है। आम लोगों में कानून का आदर बढ़ा है। नेशनल क्राइम रिकार्ड ब्यूरो की 2019 की रिपोर्ट के आंकड़े बता रहे हैं कि जघन्य अपराध की घटनाओं में गिरावट आई है। राज्य में सामाजिक सद्भाव है। आज कोई आदमी बिना डरे विचरण कर सकता है।
सिवान की घटना की याद दिलाई
गृह विभाग के बजट पर कांग्रेस के विजय शंकर दुबे ने कटौती का प्रस्ताव पेश किया था। बिजेंद्र यादव ने उन्हें बताया कि किस तरह सिवान के लोग अपराधियों से त्रस्त रहते थे। एक विधायक के भतीजे की हत्या हुई थी। मंत्री ने बताया कि जदयू के प्रदेश अध्यक्ष रहने के दौरान सिवान में दल के एक उम्मीदवार की हत्या हुई थी। एक साथ पांच अर्थियां निकली थी। उस दौर की अब कल्पना नहीं की जा सकती है। उन्होंने राजद के सुरेंद्र यादव को याद दिलाया कि किस तरह उनके क्षेत्र में गई विधानसभा की सर्वदलीय समिति के सदस्यों को खदेड़़ दिया गया था।