पुणे में बिहार लहरा रहा परचम, खेलाे इंडिया में एक और पदक पर जमाया कब्जा
पुणे में बिहार का परचम लहरा रहा है। खेलो इंडिया में रविवार को भी बिहार के नाम पदक रहा। जमुई की अंजनी ने कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।
पटना [जेएनएन]। पुणे में बिहार का परचम लहरा रहा है। खेलो इंडिया में रविवार को भी बिहार के नाम पदक रहा। पुणे में आयोजित द्वितीय खेलो इंडिया यूथ गेम्स में बिहार ने रविवार को एक और पदक अपने नाम किया। जमुई की अंजनी कुमारी ने भाला फेंक में अपने राज्य के लिए कांस्य पदक जीता। अंजनी ने 44.37 मीटर भाला फेंक कर यह उपलब्धि हासिल की।
जमुई के ही सुदामा यादव ने इस प्रतियोगिता के दूसरे दिन जेवलिन में कांस्य पदक जीता था। शनिवार को जहानाबाद के भोला यादव ने भारोत्तोलन में रजत और माही श्वेत राज ने तैराकी में कांस्य पदक जीता था।
इस प्रकार बिहार ने अब तक इस प्रतियोगिता के दूसरे संस्करण में एक रजत और तीन कांस्य पदक जीत लिये हैं। उधर अंडर-21 बालिका वर्ग में अंजनी ने स्वर्ण और रजत पदक विजेता पंजाब और तमिलनाडु की जेवलिन थ्रोअर को जोरदार टक्कर दी, लेकिन इसके बावजूद उसे कांस्य से संतोष करना पड़ा।
अंजनी को इस मुकाम तक पहुंचाने में उसकी कोच खुशबू तिवारी की अहम भूमिका रही, जो राज्य की एकमात्र एनआइएस महिला कोच हैं। राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक, निदेशक सह सचिव और खेल विभाग के तमाम अफसरों ने अंजनी को पदक जीतने पर बधाई दी है।