Move to Jagran APP

Bihar Flood: बाढ़ की क्षति का जायजा लेने आज पटना पहुंची केंद्रीय टीम, उत्‍तर बिहार में नया अलर्ट जारी

Bihar Flood News Update उत्‍तर बिहार में बाढ़ को लेकर फिर नया अलर्ट जारी किया गया है। बाढ़ से करीब 20 लाख आबादी प्रभावित है। उनके बीच राहत व बचाव कार्य जारी हैं। इस बीच क्षति का जायजा लेन केंद्रीय टीम आज पटना आई है।

By Amit AlokEdited By: Published: Sun, 05 Sep 2021 01:35 PM (IST)Updated: Mon, 06 Sep 2021 09:52 AM (IST)
Bihar Flood: बाढ़ की क्षति का जायजा लेने आज पटना पहुंची केंद्रीय टीम, उत्‍तर बिहार में नया अलर्ट जारी
बिहार में बाढ़ की स्थिति। फाइल तस्‍वीरें।

पटना, आनलाइन डेस्‍क। Bihar Flood News Update बिहार में मानसून की बारिश (Monsoon Rain) के बीच नदियां उफान पर हैं। यहां बाढ़ से 15 जिलों में लगभग 20 लाख की आबादी प्रभावित है। बाढ़ के पानी में डूबने से 53 लोगों की मौत हो चुकी है। बाढ़ को लेकर जल संसाधन विभाग ने उत्तर बिहार के सभी जिलों को फिर अलर्ट (Flood Alert in North Bihar)  कर दिया है। राज्‍य में आपदा प्रबंधन विभाग बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत व बचाव कार्य चला रहा है। इस बीच बड़ी खबर यह है कि बाढ़ से तबाही का जायजा लेने छह सदस्यीय केंद्रीय टीम सोमवार को पटना पहुंची है। यह टीम बाढ़ प्रभावित जिलों का दौरा कर तबाही का जायजा लेगी। यह केंद्रीय टीम बाढ़ से हुए नुकसान की बाबत राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ बैठक करेगी।

loksabha election banner

उत्तर बिहार के सभी जिलों में बाढ़ का हाई अलर्ट

विदित हो कि नेपाल में एक बार फिर शुरू भारी बारिश के कारण वहां से बिहार आ रहीं नदियों का जलस्तर बढ़ने लगा है। इसे देखते हुए जल संसाधन विभाग ने उत्तर बिहार के सभी जिलों को हाई अलर्ट कर दिया है। जल संसाधन विभाग ने खासकर मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, वैशाली, पूर्वी चंपारण और पश्चिम चंपारण जिलों में तटबंधों की निगरानी का आदेश दिया है। उत्‍तर बिहार के साथ-साथ सीमांचल और पूर्वी बिहार में भी नदियां उफाना रहीं हैं। भागलपुर और मुंगेर में गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है। पूरे बिहार की बात करें तो गंडक, कोसी, बागमती, बूढ़ी गंडक, कमला बलान, गंगा, महानंदा नदी सहित 10 प्रमुख नदियां अभी भी कई जगह खतरे के निशान के ऊपर हैं। बाढ़ के पानी में डूबकर अभी तक 53 लोगों की मौत की सूचना मिल चुकी है।

15 जिलों की करीब 20 लाख आबादी प्रभावित

आपदा प्रबंधन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बिहार के 15 जिलों के 83 प्रखंडों की 394 पंचायतें बाढ़ से प्रभावित हैं। वहां की 19.92 लाख से अधिक आबादी बाढ़ पीडि़त है। बाढ़ प्रभावित पटना, वैशाली, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, खगड़िया, सहरसा, भागलपुर, सारण, कटिहार, मुंगेर, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, मधेपुरा, समस्तीपुर जिलों में राहत व बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ की 17 और एसडीआरएफ की 12 टीमें लगाई गईं हैं। इसके अतिरिक्‍त एनडीआरएफ की दो और एसडीआरएफ की तीन अन्य टीमें दूसरे बाढ़ प्रभावित जिलों में पहले से लगाईं गईं हैं। राज्‍य के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 1,800 से अधिक नावों का परिचालन किया जा रहा है। नावों की संख्या बढ़ाई जा सकती है।

मदद में दी गई 477 करोड़ से अधिक राशि

बाढ़ प्रभावित 7.95 लाख परिवारों की मदद के लिए प्रति परिवार को 6000 रुपये की दर से 477 करोड़ से अधिक की राशि बांटी गई है। अब तक 3.70 लाख से अधिक पालीथीन शीट और 4.75 लाख सूखा राशन पैकेट बांटे जा चुके हैं। इसके साथ ही फसल की क्षति के नुकसान का आंकलन करा किसानों को क्षतिपूर्ति देने की प्रक्रिया आरंभ है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत शिविर और सामुदायिक रसोई भी चलाए जा रहे हैं।

क्षति का जायजा लेने बिहार पहुंची केंद्रीय टीम

इस बीच बिहार सरकार के आग्रह पर बाढ़ से हुई क्षति का जायजा लेने के लिए सोमवार को गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में छह सदस्‍यीय केंद्रीय टीम बिहार पहुंची। यह टीम दो दिनों तक बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करेगी। टीम पटना में राज्‍य के आपदा प्रबंधन विभाग तथा राज्‍य के वरीय अधिकारियों के साथ बैठक भी करेगी। बैठक में बिहार सरकार केंद्रीय टीम को बाढ़ से हुई क्षति की जानकारी देगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.