Bihar Election Result 2020: केंद्रीय मंत्री ने महागठबंधन के बारे में कह दी बड़ी बात, कहा जल्द बनेगी सरकार
Bihar Chunav Result 2020 डबल युवराज हुए फेल बिहार में डबल इंजन ही सरकार ही चलेगी। केंद्रीय मंत्री अश्िवनी चौबे ने बिहार की अगली सरकार के बारे में बता दी है पते की बात। इस तरह से बनेगी प्रदेश की अगली सरकार
पटना, जेएनएन। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री अश्विनी चौबे ने कहा बिहार में एनडीए की जीत वास्तव में जनता की जीत है। चुनाव परिणाम ने साबित कर दिया कि बिहार की जनता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नीतियों और कार्यक्रमों में पूरा भरोसा है। लोगों ने नरेंद्र मोदी के 'सबका साथ-सबका विकास- सबका विश्वास' पर भरोसा कर चुनाव में एडीए को अपना समर्थन दिया है। चौबे ने कहा कि इस चुनाव में बिहार की जनता ने बड़ी समझदारी से भ्रष्टाचार, उग्रवाद और जातिवाद और समाज में विभिन्न तरीके से अराजकता फैलाने वाली ताकतों को जवाब दिया है।
जातिवाद फैलाने वाली पार्टियों को जनता ने सिखाया सबक
विपक्षी पार्टियों को अच्छा सबक सिखाया है। महागठबंधन में राजनीतिक तौर पर ऐसी विचार वाली पार्टियांं शामिल है जो समाज में उग्रवाद, जातिवाद जैसे विद्वेष फैलाने का काम करती रही है। सत्ता में रहते हुए राजद ने ऐसा भ्रष्टाचार फैलाया था कि लोग उसको आज भी याद करते हैं। समाज में जंगलराज की स्थिति अपने 15 साल के शासन में इसने ही कायम किया था। उसी दौर में दूसरी तरफ नक्सलियों उग्रवादियों का भी भीषण दौड़ चालू था। जनता त्रस्त थी। जनता यह दौर किसी भी हाल में लौटने नहीं देना चाहती थी। इसलिए एनडीए की सरकार को फिर से सरकार बनाने का जनमत मिला है।
बिहार की जनता बधाई के लिए पात्र
बिहार की जनता नमन करने योग्य और बधाई के पात्र हैं। अराजकता और जंगलराज में जाने से रोक कर नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए का हाथ मजबूत किया है। डबल युवराज को अस्वीकार कर जनता ने विकास के लिए डबल इंजन की सरकार को अपना समर्थन दिया।
कहा- बहुत जल्द बिहार में बनेगी एनडीए की सरकार
केंद्रीय मंत्री उम्मीद जताई है कि बहुत जल्द बिहार में एनडीए के नेतृत्व में नई सरकार बनेगी। नई जनता के अपेक्षाओं के अनुरूप काम करेगी। केंद्र सरकार के सहयोग और आम जनता के आशीर्वाद से विकास कार्यो का नया आयाम स्थापित करेगी।