Bihar Election Result 2020: विधान परिषद चुनाव में भी NDA को बढ़त, दोनों गठबंधनों ने बरकरार रखी पहले वाली स्थिति
बिहार में एनडीए की खुशियां बढ़ती जा रही हैं। कोरोना और लॉकडाउन जैसी विषम परिस्थिति में भी विधानसभा चुनाव जीतने के बाद भाजपा और जदयू को एक अौर खुशी हाथ लगी है। पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा जबकि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू उम्मीदवार को जीत मिली है।
पटना, जेएनएन। विधानसभा चुनाव के बाद अब विधान परिषद की आठ सीटों पर हुए चुनाव में भी राजग को निर्णायक बढ़त मिलती दिख रही है। आठ में छह के नतीजे आ गए हैं, जिनमें दोनों गठबंधनों को तीन-तीन सीटें मिली हैं। अभी दो सीटों पर मतगणना जारी है, जिसमें राजग के प्रत्याशी आगे चल रहे हैं। राज्य सरकार के दो पूर्व मंत्री अपनी सीटें बचाने में कामयाब हो गए हैं।
पटना, तिरहुत, दरभंगा और कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र पर राजग ने ने कब्जा बरकरार रखा है। पटना स्नातक से जदयू के नीरज कुमार, तिरहुत से देवेश चंद्र ठाकुर जीत गए हैं, जबकि कोसी से भाजपा के एनके यादव और दरभंगा से जदयू के दिलीप चौधरी आगे चल रहे हैं। सूचना जनसंपर्क मंत्री नीरज कुमार फिर चुन लिए गए हैं। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजद के आजाद गांधी को आठ हजार से अधिक मतों से पराजित किया। नीरज की यह तीसरी जीत है। तिरहुत स्नातक क्षेत्र से देवेश चंद्र ठाकुर ने कब्जा बरकरार रखा।
शिक्षक क्षेत्र में दरभंगा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा, तिरहुत से भाकपा के संजय कुमार सिंह और सारण भाकपा के डॉ. केदार पांडेय निर्वाचित घोषित किए जा चुके हैं। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की चार सीटों में से एक पटना पर राजग ने कब्जा बरकरार रखा है। यहां से नवल किशोर यादव जीते हैं।
गुरुवार की सुबह आठ बजे शुरू हुई मतगणना, देर रात को आये परिणाम
विधान परिषद चुनाव की पटना की दोनों सीट की मतगणना गुरुवार की सुबह आठ बजे से आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय के परीक्षा भवन में शुरू हुई। मतगणना के दौरान आयुक्त संजय कुमार अग्रवाल और जिलाधिकारी कुमार रवि लगातार कैंप कर व्यवस्था का जायजा लेते रहे। शिक्षक व स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए अलग-अलग हॉल में 14-14 टेबल लगाई गई थी। पूरे परिसर में कोविड प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा था।
6706 मतपत्रों को त्रुटिपूर्ण होने के कारण घोषित किए गए अवैध
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए दिन के चार बजे तक बंडलिंग का कार्य होने के बाद मतों की गिनती शुरू हुई है। 51511 मतपत्र वैध पाए गए। 6706 मतपत्रों को त्रुटिपूर्ण होने के कारण अवैध घोषित किया गया। वैध वोटों में नीरज कुमार को प्रथम वरीयता में 17285 वोट मिले हैं, जबकि आजाद गांधी को 11238 मत प्राप्त हुए। तीसरे स्थान पर रहे निर्दलीय रविरंजन को 8611 वोट मिले। कांग्रेस प्रत्याशी दिलीप कुमार को 5739 वोट प्राप्त हुए । प्रथम वरीयता की गिनती में किसी को स्पष्ट जीत नहीं मिलने के कारण दूसरे वरीयता के वोटों की गिनती करानी पड़ी। इसमें नीरज कुमार ने आजाद गांधी से 8000 से अधिक मतों के अंतर से आगे रहकर जीत हासिल कर ली।
पांचवीं बार विधान परिषद पहुंचे नवल किशोर
इधर, विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनाव में पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी नवल किशोर यादव ने जीत हासिल कर ली। उन्होंने अपने निकटतम प्रत्याशी राजद के नारायण यादव को 1,263 मतों से शिकस्त दी। नवलने शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से पांचवीं बार जीत हासिल की है।
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मैदान में थे आठ प्रत्याशी, छह की नहीं बची जमानत
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए आठ प्रत्याशी मैदान में उतरे थे। 6,359 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें से 593 मतपत्र त्रुटिपूर्ण होने की वजह से खारिज कर दिया गया। वैध 5,766 वोटों की गिनती कराई गई। इसमें नवल किशोर यादव को 3,176 वोट मिले हैं। इनके निकटतम प्रत्याशी नारायन यादव ने 1913 मत प्राप्त किए। इन दोनों के अतिरिक्त सभी छह प्रत्याशी जमानत बचाने लायक वोट भी नहीं पा सके।
पहली वरीयता के मतों से हासिल कर ली जीत
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए करीब चार घंटे तक मतपत्रों की बंडलिंग करने के बाद गणना शुरू कराई गई। प्रथम वरीयता के वोटों की गिनती के बाद ही नवल किशोर ने 3,176 वोट प्राप्त कर लिए। निर्धारित मापदंड पूरा कर लेने की वजह से दूसरी वरीयता के मतों की गिनती की जरूरत नहीं पड़ी और नवल किशोर को विजेता घोषित कर दिया गया।