बिहार के उप मुख्यमंत्री ने दिया निर्देश, शहरी निकायों में बनेंगे नए बस-ऑटो स्टैंड; बंटेगा मास्क
Bihar Politics News राज्य के शहरी निकायों में नए बस और ऑटो स्टैंड बनाए जाएंगे। कई ऐसे शहरी निकाय हैं जहां भूमि की अनुपलब्धता के कारण अब तक बस व ऑटो स्टैंड का निर्माण शुरू नहीं हो सका है।
राज्य ब्यूरो, पटना : राज्य के शहरी निकायों में नए बस और ऑटो स्टैंड बनाए जाएंगे। कई ऐसे शहरी निकाय हैं, जहां भूमि की अनुपलब्धता के कारण अब तक बस व ऑटो स्टैंड का निर्माण शुरू नहीं हो सका है। ऐसे में उप मुख्यमंत्री सह नगर विकास एवं आवास मंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कार्यपालक पदाधिकारियों को अविलंब भूमि की उपलब्धता का प्रस्ताव राज्य मुख्यालय को भेजने का निर्देश दिया है। बुधवार को पटना, भागलपुर, दरभंगा, मगध एवं मुंगेर प्रमंडल के अंतर्गत आने वाले नगर परिषद् की योजनाओं की समीक्षा बैठक के दौरान उप मुख्यमंत्री ने यह निर्देश दिए। इसके अलावा सभी नगर निकायों में मास्क का वितरण करने का निर्देश भी दिया गया।
व्यवस्था सुनिश्चित कराएं और राज्य मुख्यालय को इसका प्रस्ताव भेजें
उप मुख्यमंत्री सह नगर विकास एवं आवास मंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि कई शहरी निकायों में सम्राट अशोक भवन के निर्माण में भी भूमि की अनुपलब्धता के कारण काम अवरुद्ध है। कार्यपालक पदाधिकारी इस दिशा में विशेष अभिरुचि लेते हुए प्राथमिकता के तौर पर संबंधित जिला पदाधिकारी एवं अपर समाहर्ता से समन्वय स्थापित कर भूमि की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं और राज्य मुख्यालय को इसका प्रस्ताव भेजें।
राशि नहीं हुई खर्च, होगी जांच
समीक्षा के दौरान गोगरी जमालपुर नगर परिषद् में 2016 से ही सम्राट अशोक भवन के निर्माण की राशि लगभग एक करोड़ पैंतीस लाख पड़ी हुई पाई गई, जिसे गंभीरता से लेते हुए उप मुख्यमंत्री ने प्रधान सचिव को इस मामले की जांच करा कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रमंडलों के लिए नए सिरे से नोडल पदाधिकारी नामित करने का निर्देश भी दिया। इसकी मॉनीटरिंग के लिए विभागीय स्तर से प्रमंडलवार वाट्सऐप ग्रुप बनाकर इसकी व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा गया। उप मुख्यमंत्री सह नगर विकास एवं आवास मंत्री तारकिशोर प्रसाद के निर्देश के बाद अब राज्य के शहरी निकायों में नए बस और ऑटो स्टैंड बनाए जाने का रास्ता साफ हो गया है।