Sushant Singh Rajput Death Case: बिहार के उपमुख्यमंत्री बोले- महाराष्ट्र पुलिस जांच में डाल रही रुकावट
बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने महाराष्ट्र पुलिस पर बिहार पुलिस द्वारा की जा रही निष्पक्ष जांच में रुकावट डालने का आरोप लगाया है।
पटना, जेएनएन। बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने शुक्रवार को ट्वीट कर मुंबई पुलिस पर सुशांत सिंह राजपूत की मौत मामले में बिहार पुलिस द्वारा की जा रही निष्पक्ष जांच में रुकावट डालने का आरोप लगाया है। उन्होंने लिखा है कि बिहार पुलिस अपना सर्वश्रेष्ठ कर रही है लेकिन मुंबई पुलिस से कोई सहयोग नहीं मिल रहा है। ऐसे में पूरे मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआइ) को सौंप देनी चाहिए।
सांसद ने अमित शाह को लिखा पत्र
उधर, दरभंगा के सांसद गोपालजी ठाकुर ने गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर सुशांत प्रकरण की सीबीआइ से जांच कराने की ओर ध्यान आकृष्ट किया है। गोपालजी ठाकुर ने लिखा है कि उनके आकस्मिक निधन से आम लोगों और प्रशंसकों में गम का माहौल है। सुशांत सिंह एक प्रतिभाशाली कलाकार थे। उन्होंने कम समय में बॉलीवुड में ऊंचा मुकाम हासिल किया था। ऐसे में आम लोगों की जनभावना को ध्यान में रखते हुए आग्रह है कि केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो के माध्यम से जांच कराने की कृपा करें।
विधायक भाई में मुंबई पुलिस की जांच से खुश नहीं
दूसरी तरफ सुशांत सिंह राजपूत के रिश्ते में भाई और बिहार के भाजपा विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू भी मुंबई पुलिस की जांच से खुश नहीं हैं। शुक्रवार को उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र पुलिस ने अभी तक कोई जांच नहीं की है। उन्होंने किसी पर मामला भी दर्ज नहीं किया है। पुलिस अभी तक सिर्फ पूछताछ कर रही है। यह सिर्फ औपचारिकता भर है। हमें अब उन पर भरोसा नहीं है।
अभिनेता व नेता कर चुके हैं सीबीआइ जांच की मांग
शुक्रवार को ही अभिनेता शेखर सुमन ने सीबीआइ जांच की मांग दोहराई है। इसके लिए वे महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मिले। शेखर सुमन ने न्यूज एजेंसी एएनआइ को बताया कि राज्यपाल ने कहा कि अगर जनता की यही मांग है तो जांच सीबीआइ से होनी चाहिए। बताते चलें कि सुशांत मामले को लेकर अभिनेता शेखर सुमन शुरू से ही एक्टिव रहे हैं। मौत के बाद शेखर सुशांत के पिता ने मिलने के लिए पटना के राजीव नगर स्थित उनके आवास पर भी आए थे। लगातार शेखर ट्वीट कर मामले में अपनी इच्छा जाहिर करते रहते हैं। इसके पहले केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान, लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष चिराग पासवान, बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, पूर्व सांसद पप्पू यादव भी सुशांत मामले की जांच सीबीआइ से कराने की मांग कर चुके हैं।