बिहार में हाथरस जैसी घटना: भभुआ में लड़की से सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या की कोशिश, दो आरोपित गिरफ्तार
बिहार के भभुआ में मवेशियों के लिए घास लेने गईं पांच लड़कियों में एक को हवस के दरिंदों ने पकड़ लिया। इसके बाद लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात हुई। वारदात को अंजाम देने के बाद लड़की की जान लेने की कोशिश की गई।
भभुआ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के हाथरस में सामूहिक दुष्कर्म व हत्याकांड के अमानवीय घटना की चर्चा अभी हो ही रही है कि बिहार में भी सामूहिक दुष्कर्म की दिल हिला देने वाली एक और घटना समाने आई है। हाथरस की तरह ही इस मामले में भी पांच युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म के बाद लड़की की हत्या की कोशिश की तथा उसे झाडि़यों में फेंक दिया, लेकिन वह बच गई। घटना के बाद पूरे इलाके में जबरदस्त तनाव बना हुआ है। पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। जबकि, एक अन्य आरोपित को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। ग्रामीण पकड़े गए आरोपितो को खुद सजा देने का पुलिस पर दबाव बना रहे थे। पीड़िता की हालत गंभीर बनी हुई है।
मवेशियों के लिए घास लेने गई थीं चार लड़कियां, एक को पकड़ा
ग्रामीणों के मुताबिक गांव की चार लड़कियां मवेशियों के लिए घास लेने गई थीं। इस दौरान मदुरनी गांव के पांच लड़कों ने घास काट रही एक लड़की को पकड़ लिया। बाकी लड़कियां भाग निकलीं। भागकर अपने गांव आईं और ग्रामीणों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही आक्रोशित ग्रामीण दरिंदों को पकड़ने के लिए दौड़ पड़े।
ग्रामीणों को आते देश भागने लगे आरोपित
ग्रामीणों को आते देख मौके से पांचों आरोपित भागने लगे। इस बीच किसी ने सूचना थाने को दे दी। तब तक ग्रामीणों ने एक युवक अजीत कुमार को पकड़ लिया। ग्रामीणों द्वारा पूछताछ में उसने बताया कि धनंजय कुमार ने दुष्कर्म कर था। वे सभी बगल में खड़े थे।
विरोध करने पर की थी हत्या की कोशिश
पीड़िता की मां ने बताया कि उनकी बेटी बीए प्रथम वर्ष की छात्रा है। दुष्कर्म के दौरान विरोध किए जाने पर लड़की के साथ बर्बरता करते हुए गले में गमछा लगाकर मारने की कोशिश भी की गई। कोई दवा उसके मुंहपर फेंकी गई, जिस कारण वह बेहोश हो गई थी। आरोपी अजीत कुमार एवं छट्ठू कुमार पुलिस की गिरफ्त में हैं।