Bihar Crime: हैवानियत की वो कहानी जिसके सामने निर्भया कांड भी मांगे पानी, मरने के बाद भी करता रहा दुष्कर्म
Bihar Crime News बिहार के गाेपालगंज में सन्न कर देने वाली हैवानियत की घटना हुई है। रिश्ते का चाचा नौ साल की मासूम के साथ उसके मरने के बाद भी दुष्कर्म करता रहा।
गोपालगंज, जागरण टीम। नौ साल की मासूम बच्ची के साथ उसके रिश्ते के चाचा ने ऐसी हैवानियत की, जिसके सामने दिल्ली का निर्भया सामूहिक दुष्कर्म व हत्याकांड भी पानी मांगता दिख रहा है। मंगलवार की शाम गोपालगंज के सिघवलिया थाना क्षेत्र में पड़ोसी के घर के छज्जे पर रखे बक्से से एक बच्ची के शव की बरामदगी के मामले में पुलिस ने जब उसके चचेरे चाचा को गिरफ्तार पूछताछ की तो सन्न कर देने वाली घटना उजागर हुई। उसने बताया कि बच्ची उसके दुष्कर्म को बर्दाश्त नहीं कर सकी और वहीं मर गई। दुष्कर्म करने के बाद जब उसने बच्ची को मरा पाया तो शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई, लेकिन मामला प्रकाश में आ गया।
याद आया दिल्ली का निर्भया कांड
दिल्ली में कुछ साल पहले एक पारामेडिकल छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म व शारीरिेक प्रताड़ना के मामले ने देश-दुनिया को हिला दिया था। बाद में इलाज के दौरान लड़की की मौत हो गई। लंबी न्यायिक प्रक्रिया के बाद उसके दोषियों को कुछ महीने पहले ही फांसी दे दी गई। गोपालगंज में मासूम बच्ची से हैवानियत के मामले में आरोपित को बच्ची के मरने का पता दुष्कर्म के बाद चला। इस घटना ने दुष्कर्म व हत्या के निर्भया कांड की याद ताजा कर दी है।
फुसला कर ले गया घर, फिर की वारदात
सिधवलिया थाना क्षेत्र के बखरौर गांव में मानवता को शर्मसार करने वाली इस घटना को लेकर बच्ची के पिता ने चार लोगों को आरोपित किया है। चचेरे चाचा को पुलिस ने गिरफ्तार किया तब मामले का पटाक्षेप हुआ।
जानकारी के अनुसार, नौ वर्षीया बच्ची पड़ोसी 27 वर्षीय जयकिशोर साह के एक साल के बच्चे के साथ खेलने उसके घर जाती थी। मंगलवार की सुबह बच्चे के साथ खेलने की बात कह उसके घर गई। जयकिशोर उसे फुसलाकर कमरे में ले गया और दुष्कर्म करने लगा। दुष्कर्म के बाद उसने देखा कि बच्ची की पहले ही मौत हो चुकी थी।
शव को ठिकाने लगाने को बनाया प्लान
उसने पुलिस को बताया कि बच्ची की मौत के बाद पत्नी के साथ मिलकर शव को बोरे में डालकर उसे बांध दिया। इसके बाद बक्से में डालकर ताला मार छज्जे पर रख दिया तथा सभी लोग बाहर का दरवाजा बंद कर निकल गए। उन्होंने बाद में आकर शव को ठिकाने लगाने का प्लान बनाया।
छज्जे पर रखे बक्से में मिला बच्ची का शव
जब काफी देर तक बच्ची घर नहीं लौटी तो स्वजनों ने खोजबीन शुरू की। उन्होंने देखा कि जयकिशोर का घर बाहर से बंद है। घर के बाहर जयकिशोर की मां सरस्वती कुंवर खड़ी थी। उसके विरोध के बावजूद ग्रामीणों ने जबरन दरवाजा खोला तो छज्जे पर रखे बक्से में बच्ची का शव मिला।
पुलिस पूछताछ में कबूल लिया गुनाह
इसके बाद बच्ची के पिता के बयान पर जयकिशोर साह, उसकी पत्नी सुशीला देवी, मां सरस्वती कुंवर तथा भाई प्रदीप कुमार के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई है। पुलिस ने जयकिशोर साह को गिरफ्तार किया है।
अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
थानाध्यक्ष रंजीत पासवान ने बताया कि अन्य आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी चल रही है। जयकिशोर साह बच्ची के पिता के साथ पटना में ठेला पर गन्ने का रस बेचता था। लॉकडाउन में जयकिशोर गांव में ही रहने लगा था।