Bihar Crime: बेगूसराय में भूमि विवाद को लेकर बेटे ने किया मां का मर्डर, तफ्तीश में जुटी पुलिस
Bihar Crime बिहार के बेगूसराय में एक बेटे ने मां की चाकू से गोदकर हत्या कर दी है। मर्डर की इस वारदात के बाद के पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस अब हत्या के मोटिव को तलाशने में जुटी है।
बेगूसराय, जागरण संवाददाता। जिले में एक बेटे ने अपनी मां की चाकू से गोदकर हत्या कर दी है। खबर के मुताबिक शुक्रवार की सुबह नावकोठी थाना क्षेत्र के नावकोठी गांव में एक बेट ने चाकू से गोद कर अपनी मां का मर्डर कर दिया है। जानकारी के अनुसार गांव के धनेश्वर दास के पुत्र दामोदर दास ने भूमि विवाद में अपनी मां 75 वर्षीय कौशल्या देवी को चाकू से गोद दिया। जिससे घटनास्थल पर ही महिला की मौत हो गई। मर्डर की इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जाता है कि महिला ने अपने हिस्से की जमीन अपने छोटे पुत्र के नाम लिख दी थी। इसी से गुस्साए पुत्र ने घटना को अंजाम दिया है। नावकोठी थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में कांड दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
बदमाशों ने अधेड़ को मारी गोली
बछवाड़ा (बेगूसराय), संवाद सूत्र। वहीं बछवाड़ा थाना क्षेत्र के चिरंजीवीपुर में बदमाशों ने वार्ड छह निवासी स्व. विष्णुदेव महतो के 55 वर्षीय पुत्र मिश्री महतो को गोली मारकर घायल कर दिया। घटना गुरुवार शाम की है। गोली उनके बाएं बांह में लगी है। जानकारी मिलते ही बछवाड़ा थानाध्यक्ष अजीत कुमार दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच पड़ताल के बाद घायल को इलाज के लिए बछवाड़ा सीएचसी में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफर कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की शाम मिश्री महतो वार्ड छह स्थित अपने डेरा पर थे, दो की संख्या में रहे बदमाशों ने उन्हें गोली मार कर घायल कर दिया और अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकले। इस संबंध में बछवाड़ा थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि घटना के कारणों के खुलासे के लिए घायल व उनके स्वजनों से पूछताछ की जा रही है। घटना में संलिप्त अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घायल के फर्द बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।