Bihar Crime News: नालंदा में लूट के शिकार युवक को लुटेरा समझ कर पीटा, बचाने गई पुलिस पर भी हमला
Bihar Crime News बिहार के नालंदा में गलतफहमी के कारण गांव वालों ने एक युवक को लुटेरा समझकर बांधकर पीटा। भीड़ ने उसे बचाने गई पुलिस पर भी हमला की दिया।
नालंदा, जेएनएन। युवक को देर रात अपराधियों ने लूट लिया। घटना के बाद डर से वह झाड़ी में छुप गया। कुछ ग्रामीणों को देखकर उसने बाहर निकलकर घटना की जानकारी देनी चाही, लेकिन लोगों ने उसे ही लुटेरा समझ लिया। गांव वाले उसे साथ ले गए और बांध कर रात भर पीटा। उसे बचाने जब पुलिस पहुंची तो भीड़ ने पुलिस पर भी पथराव कर दिया। घटना में एक पुलिस जवान घायल हो गया। कई वाहनों को भी क्षति पहुंची। घटना नालंदा के द्वारिका बिगहा गांव की है।
लूटे गए युवक को ही समझ लिया लुटेरा
बताया गया कि नालंदा के द्वारिका बिगहा निवासी पवन कुमार प्रसव पीड़ा से कराह रही पत्नी को चंडी अस्पताल में भर्ती करवाने जा रहे थे कि अज्ञात अपराधियों ने उन्हें लूट लिया। अपराधियाें ने इसके बाद दूसरी तरफ से आ रहे रंजीत के साथ भी लूटपाट की। रंजीत पास की झाडियों में जा छिपा तथा किसी के आने या सुबह होने का इंतजार करने लगा। इसी बीच पहले लूटे गए पवन ने फोन कर ग्रामीणों को घटना की जानकारी दे दी। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों को देख कर जब रंजीत राम बाहर निकला, तब लोगों ने उसे ही लुटेरा समझ लिया। फिर, गांव ले जाकर बांधकर पीटा।
बताना चाहर, लेकिन लोगों ने एक नहीं सुनी
रंजीत राम ने बताया कि वह रात में अपनी ससुराल चंडी थाना क्षेत्र के यशवंत पुर जा रहा था कि मुड़ला बिगहा रेलवे क्रॉसिंग के पास लूट का शिकार हो गया। लुटेरों ने उसे बाइक सहित खाई में गिरा दिया था। डर से वह झाड़ी में छिप गया था। जब ग्रामीण आये तो निकल कर घटना की जानकारी देनी चाही, लेकिन उन्होंने एक नहीं सुनी।
बचाने गई पुलिस पर हमला, एक घायल
घटना की जानकारी मिलने पर लब चंडी एवं थरथरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, तब भीड़ ने पुलिस पर रोड़ेबाजी की। हमले में थरथरी थाना के होम गार्ड जवान नगीना प्रसाद जख्मी हो गए। रोड़ेबाजी में पुलिस वाहन के शीशे भी टूट गए।
मारपीट एवं पुलिस पर हमला करने वालों की हो रही पहचान
घटना के बाद इलाके में तनाव हे। भीड़ से बाचाया गया घायल युवक मकदूमपुर निवासी रंजीत राम है। उसे व घायल होमगार्ड जवान का उपचार स्थानीय अस्पताल में कराया गया है। पुलिस रंजीत से पूछताछ कर सच्चाई जानने की कोशिश कर रही है। मारपीट एवं पुलिस टीम पर हमला करने वालों की पहचान की जा रही है।