Bihar Crime News: बक्सर में पुत्र को गिरफ्तार करने गई पुलिस, अवैध हथियार के साथ पिता हो गए गिरफ्तार
Bihar Crime News बक्सर में तीन माह पहले गोलीबारी में कई लोग घायल हुए थे। उस सिलसिले में पुलिस ने रात में छापेमारी की। आरोपित पुत्र तो भाग गया लेकिन पिता हथियार के साथ पकड़ा गया।
बक्सर, जेएनएन: औद्योगिक थाना क्षेत्र के छोटकी बसौली से पुलिस ने अवैध हथियार के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। तीन माह पूर्व गांव में हुई अंधाधुंध गोलीबारी में नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार करने के लिए बुधवार की देर रात पुलिस छपेमारी करने गई थी। जिसकी तलाश में पुलिस ने छपेमारी की वह तो पुलिस को देखते ही मौके से फरार हो गया। वहीं तलाशी के दौरान अवैध हथियार लेकर सोए उसके पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
गोलीबारी की घटना में आधा दर्जन लोग हुए थे घायल
इसकी जानकारी देते हुए औद्योगिक थनाध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार ने बताया कि छोटकी बसौली में 18 मई को दो पक्ष के बीच जबरदस्त गोलीबारी की घटना हुई थी। जिसमें आधा दर्जन लोग घायल हुए थे। इस मामले में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार एक पक्ष के कई लोग नामजद हुए थे। घटना के तीन माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस की लापरवाही के कारण मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई थी।
आरोपित को गिरफ्तार करने गांव पहुंची थी पुलिस
पुलिस अधीक्षक उपेन्द्रनाथ वर्मा के सख्त आदेश के बाद बुधवार की रात आरोपितों में शामिल शिवशंकर सिंह को गिरफ्तार करने पुलिस गांव में पहुंची थी। गांव में पुलिस आने की सूचना मिलते ही पुत्र तो जान बचाकर भाग निकला, पर अवैध हथियार लेकर सोए उसके पिता रघुनाथ सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। थनाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित को जेल भेजने के साथ ही अन्य की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छपेमारी जारी है।