Bihar News: बिहार में वारदातों का सोमवार; सिवान में युवक की हत्या, सारण में दुर्घटना में मौत पर बवाल
Bihar Crime News बिहार में सोमवार को कई आपराधिक घटनाएं हुईं हैं। सिवान में एक युवक की हत्या कर दी गई तो सारण में दुर्घटना में वृद्धा की मौत के बाद सड़क पर बवाल भड़क गया।
पटना, जागरण टीम। बिहार में सोमवार को हत्याओं व दुर्घटनाओं की सुबह हुई है। सिवान में एक युवक की चाकू मार कर हत्या कर दी गई। उसे बचाने के क्रम में उसके दोस्त को भी अपराधियों ने चाकूओं से गोद डाला। उधर, सारण में सड़क दुर्घटना में एक वृद्धा की मौत हो गई। दुर्घटना में मौत के बाद सुबह में आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया।
सिवान: चाकू मारकर एक की हत्या, दूसरा गंभीर
सिवान के महाराजगंज थाना क्षेत्र के सिवान-पैगंबरपुर मुख्य पथ पर करसौत स्कूल के समीप रविवार की देर रात अपराधियों ने दो युवकों को चाकू मारकर गंभीर रूप घायल कर दिया। घटना में एक की मौत मौके पर ही हो गई। जबकि, दूसरे को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए पटना भेज दिया गया है। घटना का कारण आर्केस्ट्रा संचालन को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है।
मृतक की पहचान हरकेशपुर गांव के कमल महतो के पुत्र राम अवतार महतो (35 साल) के रूप में हुई है। घायल राम अवतार का दोस्त हरकेशपुर गांव निवासी सफी अहमद का पुत्र अलियास है। बताया जाता है कि राम अवतार और अलियास एक बाइक पर सवार होकर अपने गांव से दारौंदा जा रहे थे। इसी दौरान एक बाइक सवार दो अपराधियों ने ओवरटेक कर उन्हें रोका और राम अवतार पर चाकू से वार करना शुरू कर दिया। बीच-बचाव करने में दोस्त के शरीर पर भी कई जगह चाकूओं से वार कर घायल कर दिया। अलियास के शोर मचाने पर अपराधी वहां से फरार हो गए। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी, लेकिन तब तक राम अवतार की मौत हो चुकी थी।
सारण: सड़क दुर्घटना में मौत के बाद उमड़ा जनाक्रोश
सारण जिला के तरैया थाना क्षेत्र के तरैया-पोखरेड़ा मुख्य सड़क पर सड़क दुर्घटना में एक वृद्ध महिला की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सुबह में सड़क पर जमकर बवाल किया। उन्होंने आगजनी कर सड़क को जाम कर दिया।