Bihar Crime News: भभुआ में गश्ती करने गए वनकर्मियों पर हमला, फायरिंग व पथराव में तीन घायल
भभुआ के चैनपुर रेंज में वन विभाग की टीम गश्ती पर निकली थी। इसी दौरान रामगढ़ पहाड़ी के मड़रिया से आयसर ट्रैक्टर पर कुछ पत्थर के पटिया लदा देखा गया। रोकने पर उन्होंने फायरिंग और पथराव कर दिया। घटना में तीन वनकर्मी जख्मी हो गए हैं।
भभुआ, जेएनएन। जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के चैनपुर रेंज में गश्ती के दौरान पकड़े जाने के डर से पत्थर माफियाओं ने रामगढ़ क्षेत्र के हमीदपुर तथा सौंखरा के बीच में टीम पर हमला कर दिया। जिसमें तीन वन कर्मी घायल हुए है। इस संबंध में जानकारी देते हुए कल्याणीपुर रेंज के वनपाल अजीत कुमार ने बताया कि रविवार की देर रात वन विभाग की टीम के साथ वो गश्ती पर निकले थे। इसी दौरान रामगढ़ पहाड़ी के मड़रिया से आयसर ट्रैक्टर पर कुछ पत्थर के पटिया लदा देखा गया। उसके बाद वन विभाग की टीम ने रोकना चाहा तो गाड़ी लेकर पत्थर माफिया भागने लगे। वन विभाग ने गश्ती दल का पीछा करना शुरू किया।
माफिया ने फायरिंग की, पथराव भी किया
हमीदपुर हाईस्कूल तथा सौंखरा के बीच में पत्थर माफियाओं ने वन विभाग की गश्ती वाहन पर देशी कट्टा से चार राउंड फायरिंग कर दी। गोली खत्म होने के बाद बाइक से पीछा करते हुए पथराव भी किया गया। जिसमें वन विभाग का वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दौरान तीन वन कर्मियों को चोटें भी आई। पथराव करने पर वन विभाग की टीम ने भाग कर जान बचाई।
तीन वन कर्मी घायल, एफआइआर दर्ज
पथराव में वन विभाग के तीन कर्मी घायल हो गए। घायल वन कर्मियों में अंकित कुमार, ज्योतिष कुमार, तथा आकाश कुमार शामिल है। जिनका पीएचसी चैनपुर में इलाज भी कराया गया। वनपाल ने बताया कि गोली चलाने तथा वन विभाग की टीम पर हमला करने के मामले में चैनपुर थाने में दो नामजद तथा एक अज्ञात के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। वन विभाग द्वारा दिए गए आवेदन में नामजद पत्थर माफियाओं में रजनीश कुमार, अनिल यादव तथा एक अज्ञात सभी चैनपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव निवासी बताएं जाते है। वन विभाग ने वन एक्ट के तहत भी एक केस दर्ज किया है। ट्रैक्टर को भी वन विभाग ने जब्त कर लिया गया है।