Bihar Crime: छपरा में घर में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग, एक परिवार के दो की हत्या- एक की हालत गंभीर
रविवार की रात अपराधियों की गोलीबारी से एक ही परिवार के दो लोगों की मौत हो गई जबकि तीसरे की स्थिति गंभीर बनी हुई है। मृत दोनों व्यक्ति चाचा-भतीजा बताए जाते हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
सारण, जेएनएन। सारण जिले के गरखा थाना क्षेत्र के मोतीराजपुर गांव में रविवार की रात अपराधियों ने गोलीबारी कर ही परिवार के दो लोगों की हत्या कर दी, जबकि तीसरे की स्थिति गंभीर बनी हुई है। मृत दोनों व्यक्ति चाचा-भतीजा बताए जाते हैं। शोर मचाने पर पहुंचे ग्रामीणों ने एक बदमाश को दबोचकर पुलिस को सौंप दिया। मौके पर पहुंचकर एसपी और थानाध्यक्ष अमृतेश कुमार ने मामले की जांच की। पुलिस ने एक दर्जन बम और एक रायफल बरामद की। मृतक की पहचान नागेंद्र सिंह (60) और उनका भतीजा संजय सिंह (25) के रूप में हुई है। घटनास्थल से परशुराम राय नामक अपराधी को स्थानीय लोगों ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
घर में अचानक घुसे, शुरू कर दी फायरिंग
जानकारी के अनुसार, रविवार की रात नागेंद्र सिंह और उनके स्वजन घर पर ही थे। तभी बाइक सवार कुछ युवक पहुंचे और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के बाद नागेंद्र सिंह और उनके भतीजे संजय सिंह को गोली लग गई। स्वजन दोनों को लेकर गडख़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि जख्मी नित्यानंद सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने पीएमसीएच रेफर कर दिया। सदर अस्पताल के चिकित्सक के अनुसार गोली उनके पेट में लगी है।
नहीं स्पष्ट हो चुका हत्या का कारण, पुलिस कर रही जांच
एसपी धुरत शायली सावलाराम ने बताया कि गड़खा के मोतीराजपुर में दो व्यक्तियों की गोली मारकर हत्या की गई है। एक अन्य युवक घायल हुआ है। घटनास्थल से एक बदमाश की गिरफ्तारी की गई है। सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार बदमाश परशुराम राय है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। 30 नवंबर को नागेंद्र सिंह की बेटी की शादी होनी थी। घर में उसकी तैयारी चल रही थीं। वारदात के बाद कोहराम मच गया है। पुलिस गांव में कैंप कर रही है।