Bihar CoronaVirus Update: बिहार में लॉकडाउन से सुधरी स्थिति, नए मरीजों से अधिक स्वस्थ होकर घर लौटे
Bihar CoronaVirus Update News बिहार में लॉकडाउन लगाए जाने के बाद धीरे-धीरे सुधर रही है स्थिति संक्रमण की दर घटी रिकवरी रेट बढ़ा पिछले तीन दिनों में कोरोना के नए केस में कमी रविवार को 11259 पॉजिटिव मिले 13364 स्वस्थ हुए
पटना, राज्य ब्यूरो। विगत दो दिनों से कोरोना के संबंध में राहत की खबर आ रही है। रविवार को स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी कि 24 घंटे में जहां राज्य में कोरोना संक्रमण के 11259 नए केस मिले वहीं इस अवधि में 13364 लोगों ने इस महामारी को पराजित भी किया है। इसके साथ ही एक्टिव केस की संख्या 1.12 लाख से घटकर 1.10 लाख के करीब हो गई है। हालांकि संक्रमण से जान जाने का सिलसिला लगातार जारी है। विगत एक दिन में गंभीर संक्रमण की वजह से 67 लोगों की जान चली गई। इससे पहले शनिवार को 76 लोगों की जान गई थी। विभाग के अनुसार 24 घंटे में प्रदेश में 1.09 लाख से ज्यादा टेस्ट किए गए।
पटना से राहत की खबर, कम मिले नए संक्रमित
पटना जिले से भी रविवार को राहत की खबर आई। तीन दिनों बाद पटना से अपेक्षाकृत कम संक्रमित मिले। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पटना से रविवार को 1646 संक्रमित मिले हैं। गया और बेगूसराय जहां से पूर्व में बड़ी संख्या में संक्रमित मिल रहे थे वहां भी नए मामलों में कमी आई है। गया से आज 451 और बेगूसराय से 565 पॉजिटिव मिले। जबकि औरंगाबाद 592, पू. चंपारण 451, समस्तीपुर 574,अररिया से 213, अरवल से 124, बांका से 130, भागलपुर से 372, भोजपुर से 103, बक्सर से 45, दरभंगा से 121 नए मरीज मिले हैं।
इसी तरह गोपालगंज से 365, जमुई से 219, जहानाबाद से 70, कैमूर से 14, कटिहार से 228, खगडिय़ा से 267, किशनगंज से 106, लखीसराय से 73, मधेपुरा से 259, मधुबनी से 339, मुंगेर से 299, मुजफ्फरपुर से 348, नालंदा से 237 नवादा से 127, पूर्णिया से 372, रोहतास से 191, सहरसा से 297, सारण से 368, शेखपुरा से 204, शिवहर से 90, सीतामढ़ी से 110, सिवान से 319, सुपौल से 318, वैशाली से 323 और प. चंपारण से 303 पॉजिटिव मिले हैं।
लगातार बढ़ रही स्वस्थ होने वालों की संख्या
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों की माने तो राज्य में स्वस्थ होने वालों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। रविवार को तो जितने नए संक्रमित मिले तो उससे कहीं अधिक लोग स्वस्थ भी हुए। विभाग के अनुसार 24 घंटे में 13364 लोगों ने कोरोना पर जीत हासिल की है। इसके पूर्व शनिवार को 14962 लोगों के स्वस्थ होने की जानकारी स्वास्थ्य विभाग ने दी थी। वर्तमान में राज्य में रिकवरी रेट 80.71 फीसद है।
- 24 घंटे में 67 की संक्रमण से गई जान
- एक्टिव केस 112976 से 110804 हुए
- 24 घंटे में 109190 कोविड टेस्ट किए
और 67 की कोरोना संक्रमण से मौत
स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को आधिकारिक जानकारी में बताया कि विगत 24 घंटे में कोरोना के गंभीर संक्रमण की वजह से 67 लोगों की जान गई है। इसके पूर्व शनिवार को 76 लोगों की जान संक्रमण के कारण गई थी। बता दें कि राज्य 14 महीने से कोरोना संक्रमण की मार झेल रहा है। इस दौरान 3282 लोगों ने अपनी जान गंवाई है। 24 घंटे के दौरान राज्य में 109190 कोविड टेस्ट किए गए हैं। जबकि 14 महीने के दौरान राज्य में 2.73 करोड़ से ज्यादा टेस्ट हो चुके हैं।