Bihar CM Oath Ceremony: नीतीश कुमार ने सातवीं बार ली CM पद की शपथ, तस्वीरों में देखिए समारोह की झलकियां
Bihar CM Oath Ceremony बिहार की नई सरकार आकार ले चुकी है। नीतीश कुमार ने सातवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। उनके साथ भाजपा जदयू हम और वीआइपी के 14 विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। यहां देखिए शपथ ग्रहण समारोह की तस्वीरें।
पटना, जेएनएन। बिहार विधानसभा चुनाव के बाद सोमवार को नई सरकार के शपथ ग्रहण का अहम दिन था। राजभवन में नई सरकार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं उनके 14 मंत्रियों ने शपथ ली। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की इस सरकार में भारतीय जनता पार्टी (BJP), जनता दल यूनाइटेड (JDU), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) और विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के विधायक शामिल हैं। हालांकि, बीजेपी की भागीदारी बढ़ी है। बीजेपी कोटे से शपथ लेने वाले तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। अब मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा होने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।
समारोह शुरू होते ही सबसे पहले नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके बाद भाजपा के विधायक तार किशोर प्रसाद और रेणु देवी ने उपमुख्यमंत्री की शपथ ली।
उपमुख्यमंत्री पद के लिए शपथ लेने वाले तार किशोर प्रसाद कटिहार के विधायक हैं। वे कई बार चुनाव जीतकर विधानसभा में आ चुके हैं। उनके राजनीतिक कॅरियर की शुरुआत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के साथ हुई थी। बाद में उन्होंने भाजपा से जुड़कर सक्रिय राजनीति में अपनी पारी की शुरुआत की।
रेणु देवी लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी से जुड़ी रही हैं। वह बेतिया से चुनाव जीतकर बिहार विधानसभा चुनाव जीतती रही हैं। उन्हें पहले भी बिहार सरकार में मंत्री का पद मिल चुका है। उन्हें कल ही भाजपा विधायक दल का उपनेता चुना गया था।
जदयू की ओर से विजय चौधरी ने भी मंत्री पद की शपथ ली है। वह लगातार दो टर्म बिहार विधानसभा के अध्यक्ष रह चुके हैं। इस बार उन्हें मंत्री पद की शपथ दिलाए जाने से इस संभावना को बल मिल रहा है कि विधानसभा अध्यक्ष का पद इस बार भाजपा के किसी नेता को मिल सकता है।
मुख्यमंत्री के ठीक बाद शपथ लेने वाले भाजपा विधायक तार किशोर प्रसाद का पारिवारिक बैकग्रांडद बेहद सामान्य रहा है। उनके माता-पिता अपने बेटे के शपथ ग्रहण समारोह को अपने घर में बैठकर टीवी पर देखते नजर आये। दोनों ही अपने बेटे को मिले इस सम्मान से काफी खुश हैं।
शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी पहुंचे। लोजपा नेता चिराग पासवान को निमंत्रण नहीं दिए जाने की खबर मिली। कांग्रेस और राजद ने इस समारोह में शामिल होने से इनकार कर दिया।
ने
बिहार में नई सरकार के मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान राजभवन के सामने लोगों की भीड़ लगी रही। लोग अपने-अपने नेता के स्वागत करने और बधाई देने के लिए तत्पर दिखे।
नीतीश कुमार ने सातवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। उनके शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल हुए। पटना एयरपोर्ट पर भाजपा के नेताओं ने उनका स्वागत किया।