पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम पर बोले नीतीश कुमार, कीमत कम हो तो अच्छा; मैं तो इलेक्ट्रिक गाड़ी से चलता हूं
पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ रही कीमत पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को कहा कि इसमें कोई दो राय नहीं कि अभी पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़े हुए हैैं। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दाम कम हों और नहीं बढ़े यह सभी को अच्छा लगेगा।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में अब पेट्रोल-डीजल और घरेलू गैस के दाम बढ़ने पर सियासत गर्म हो गई है। विपक्ष इसे लेकर लगातार तीखे हमले कर रहा है। एक दिन पहले ही घरेलू उपभोक्ताओं पर गैस के दाम में 50 रुपये बढ़ने से अतिरिक्त भार हो गया है। मंगलवार को बढ़ते दाम पर पहली बार बिहार के मुख्यमंत्री बोले। पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ रही कीमत पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि यह सही है और इसमें कोई दो राय नहीं कि अभी पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़े हुए हैं। इसकी कीमत कम किए जाने से संबंधित एक प्रश्न पर उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दाम कम हों और नहीं बढ़े यह सभी को अच्छा लगेगा।
शिक्षा मंत्री की मौजूदगी में कही बात
बता दें कि पेट्रोल-डीजल के कीमत में लगातार हो रही बढ़ोतरी पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पहली बार कोई टिप्पणी की है। पूर्व मुख्य सूचना आयुक्त अशोक कुमार सिन्हा के बेली रोड स्थित आवास पर आयोजित सरस्वती पूजा समारोह में शामिल होकर लौटने के क्रम में उन्होंने यह बात कही। शिक्षा मंत्री विजय चौधरी भी इस मौके पर मौजूद थे।
खुद बैट्री वाली कार से चलते हैं सीएम नीतीश कुमार
मुख्यमंत्री खुद बैट्री वाली कार पर चलते हैं। उन्होंने कहा कि यह हम लोगों की इच्छा है। इस तरह के कार के उपयोग से पर्यावरण पर असर नहीं पड़ता है। पर्यावरण को ध्यान में रख कर ही हम इसका उपयोग करते हैैं। पेट्रोल -डीजल की गाड़ी से पर्यावरण पर कुछ न कुछ असर तो होता ही है। मंगलवार को बसंत सरस्वती पूजा के मौके पर अपने शुभकामना संदेश में कहा कि सभी को हमारी शुभकामनाएं। लोगों का ज्ञान बढ़े। आज की पूजा तो ज्ञान की प्राप्ति के लिए ही होती है।