बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने इस तरह मनाई होली, शाम के वक्त अणे मार्ग से निकले और पहुंचे सीधे इस दोस्त के घर
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने होली का त्यौहार खास तरीके से मनाया। कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए सरकार की ओर से जारी निर्देशों का पालन करते हुए मुख्यमंत्री पूरे दिन अपने आवास पर ही रहे। शाम के वक्त उन्होंने अपने कुछ मित्रों से मुलाकात की।
पटना, बिहार ऑनलाइन डेस्क। कोरोना संक्रमण को देखते हुए बिहार में होली को लेकर सार्वजनिक आयोजनों पर सरकार ने रोक लगा दी थी। बिहार सरकार ने लोगों से आग्रह किया था कि सभी लोग अपने-अपने घर में ही होली का त्यौहार मनाएं। इसका असर बिहार में राजनेताओं की होली पर भी पड़ा। खुद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास एक अने मार्ग में होली के मौके पर सन्नाटा दिखा। सरकार की तरफ से लगाई गई रोक की वजह से कोई भी नेता, कार्यकर्ता, अधिकारी या मंत्री, मुख्यमंत्री को होली की बधाई देने नहीं पहुंचा। खुद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी पूरे दिन अपने आवास पर ही रहे। हालांकि शाम के वक्त थोड़ी देर के लिए वे अपने आवास से बाहर निकले और चंद लोगों से मुलाकात कर अपने सरकारी आवास लौट आए।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार होली की शाम बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी और जदयू के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह के आवास पर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने इन दोनों नेताओं से मुलाकात की और थोड़ी ही देर के बाद वापस लौट गए। बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना तस्वीर के साथ अपने ट्विटर अकाउंट पर साझा की है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने उनके आवास पर जाकर होली की शुभकामना दी। उन्होंने लिखा कि इस खास मौके पर मुख्यमंत्री के आगमन से उन्हें सुखद अनुभूति हुई।
बिहार में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर को देखते हुए सरकार ने लोगों को होली का त्यौहार सतर्कता से मनाने की अपील की थी। घर में होली मनाने पर किसी तरह की रोक नहीं थी। लोग अपने मित्रों और स्वजनों के घर जाकर भी होली की शुभकामनाएं देते दिखे। इस मौके पर कोई सांस्कृतिक आयोजन नहीं हुआ। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास पर होली के मौके पर हर साल काफी चहल-पहल रहती है। पिछले साल भी तमाम नेताओं ने मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर जाकर उन्हें होली की शुभकामनाएं दी थी। खुद मुख्यमंत्री भी अपने मित्रों और शुभचिंतकों को अबीर-गुलाल लगाने में उत्साह दिखाए थे।