Bihar Chunav Govt. Formation: तारकिशोर व रेणु बनाए गए DY.CM, जानिए और कौन-कौन बने मंत्री
Bihar Chunav Government Formation बिहार में नीतीश सरकार का शपथ ग्रहण सोमवार को होगा। संभावना है कि तारकिशोर प्रसाद व रेणु देवी को उपमुख्यमंत्री बनाए जाए। हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। मंत्री पद के लिए भी कयास लगाए जा रहे हैं।
पटना, स्टेट ब्यूरो। उपमुख्यमंत्री पद को लेकर सियासी गलियारे में रविवार से जारी चर्चाओं पर अभी भी विराम नहीं लगा है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी विधानमंडल दल के नेता चुने गए तारकिशोर प्रसाद ने स्वीकार किया है कि उन्हें व रेणु देवी को उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। रेणु देवी ने भी कहा है कि अगर वे उपमुख्यमंत्री बनाईं गइ तो अपेक्षाओं पर खरी उतरने की कोशिश करेंगी। हालांकि, नई सरकार में उपमुख्यमंत्री पद को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। इस बीच नीतीश मंंत्रिमंडल में बनाए जाने वाले कुछ मंत्रियों के नाम भी सामने आए हैं।
तारकिशोर प्रसाद बनेंगे उपमुख्यमंत्री, रेणु की भी चर्चा
रविवार को बीजेपी विधानमंडल दल की बैठक में तार किशोर प्रसाद नेता चुने गए। उन्होंने स्वीकार किया है कि उनके और रेणु देवी के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के संकेत हैं।
बेतिया से बीजेपी की विधायक रेणु देवी को बीजेपी विधानमंडल का उपनेता चुना गया है। उनके भी उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की चर्चा है। इस बाबत रेणु देवी ने कहा है कि अगर उन्हें यह जिम्मेदारी दी जाती है तो वे उम्मीदो पर खरा उतरने की कोशिश करेंगी।
कामेश्वर चौपाल व मंगल पांडेय के नाम की चर्चा
बहरहाल, उपमुख्यमंत्री पद को लेकर अभी तक आधिकारिक तौर पर कोई बयान सामने नहीं आया है। इस बीच कुछ और नाम भी चर्चा में रहे हैं। बीजेपी के पूर्व विधान पार्षद व राम मंदिर आंदोलन से जुड़े कामेश्वर चौपाल, व मंगल पांडेय के नाम भी चर्चा में रहे हैं।
इन पुराने मंत्रियों के नाम की फिर से है चर्चा
जहां तक मंत्रियों की बात है, बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ 15 मंत्री शपथ लेंगे। इनमें बीजेपी के छह, जनता दल यूनाइटेड के सात तथा 'हम' व वीआइपी से एक-एक हो सकते हैं। कई पुराने मंत्रियों के फिर से मंत्री बनाए जाने की चर्चा है। जेडीयू कोटे से बिजेंद्र प्रसाद यादव, श्रवण कुमार, नरेंद्र नारायण यादव, महेश्वर हजारी, संजय झा व मदन सहनी को फिर से मंत्री बनाए जाने की चर्चा है। पूर्व मंत्री अशोक चौधरी, नीरज कुमार व दामोदर रावत के नाम की भी चर्चा चल रही है। बीजेपी कोटे से कई मंत्री रिपीट हो सकते हैं। उनमें नंदकिशोर यादव, मंगल पांडेय, प्रेम कुमार, विनोद नारायण झा व विजय कुमार सिन्हा, राणा रंधीर आदि के नाम की चर्चा है। पूर्व मंत्री नीतीश मिश्रा को भी मंत्री पद मिल सकता है।
इन महिलाओं को भी मिल सकती है जवाबदेही
जेडीयू के टिकट पर जीत कर आयीं कुछ महिलाओं को भी मंत्री पद की जवाबदेही मिल सकती है। धमदाहा से इनमें जीतकर आयीं लेसी सिंह और रुपौैली से जीतीं बीमा भारती के नाम शामिल हैं। लेसी सिंह व बीमा भारती नीतीश कुमार मंंत्रिमंडल की सदस्य रह चुकी हैं। केसरिया से पहली बार जीत कर आयीं शालिनी मिश्रा के नाम की भी चर्चा है।
किसी अल्पसंख्यक एमएलसी को मिल सकता है जिम्मा
अल्पसंख्यक कोटे से किसी विधान पार्षद को मंत्री पद मिल सकता है। इस पर भी चर्चा तेज हो गयी है।
जेडीयू में आठ मंत्रियों की है सीधी रिक्तियां
जेडीयू के आठ मंत्री चुनाव हार गए हैं। इसलिए वहां इतनी संख्या में नए को मौका मिलने की संभावना है। मंत्री रहे शैलेश कुमार, संतोष निराला, खुर्शीद उर्फ फिरोज, रमेश ऋषिदेव, रामसेवक सिंह, लक्ष्मेश्वर राय, जयकुमार सिंह व कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा चुनाव हार गए हैं।
हम और वीआईपी से एक-एक नाम की चर्चा
हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा और विकासशील इनसान पार्टी कोटे से एक-एक मंत्री हो सकते हैं। हम से संतोष मांझी और वीआइपी से मुकेश सहनी मंत्री बनाए जा सकते हैं।