Bihar Chunav 2020: एसएसआर प्रकरण से जली-भुनी बैठी शिव सेना चाहती नीतीश कुमार की विदाई, सजंय राउत ने की परिणाम की भविष्यवाणी
Bihar Chunav 2020 मतदान और मतदान के बाद मतगणना होने तक का शिव सेना ने इंतजार नहीं किया। बड़बोले शिव सेना प्रवक्ता संजय राउत ने मतदान के बीच ही ट्वीट कर बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर भविष्यवाणी की है।
पटना, जेएनएन। Bihar Chunav 2020 बिहार सरकार द्वारा बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की माैत की सीबीआइ जांच करने की सिफारिश से महाराष्ट्र की सत्ताधारी पार्टी शिव सेना जली-भुनी बैठी है। शिव सेना चाहती है कि बिहार विधानसभा चुनाव- 2020 में जदयू-भाजपा गठबंधन की हार हो। चुनाव बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विदाई हो। 10 नवंबर को मतगणना के बाद साफ हो जाएगा कि नीतीश कुमार फिर से बिहार के मुख्यमंत्री बनेंगे या नहीं। लेकिन शिव सेना ने अभी से भविष्यवाणी करनी शुरू कर दी है। शिव सेना सांसद संजय राउत ने ट्वीट कर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ हमला बोला है।
#WATCH | नीतीश जी बहुत बड़े नेता हैं। वो अपनी पारी खेल चुके हैं। अगर कोई नेता कहता है कि ये मेरा आखिरी चुनाव है तो उन्हें सम्मान के साथ विदाई देनी चाहिए। बिहार की जनता इस विदाई के मौके का इंतज़ार कर रही थी। इस चुनाव में जनता उनको रिटायर कर देगी: शिवसेना नेता संजय राउत pic.twitter.com/Ju2puHzSY7
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 7, 2020
मतदान के बीच ही संजय राउत ने किया ट्वीट
शनिवार बिहार विधानसभा चुनाव-2020 के तीसरे चरण का मतदान हुआ। मतदान 78 विधानसभा सीटों के लिए हुआ। मतदान और मतदान के बाद मतगणना होने तक का शिव सेना ने इंतजार नहीं किया। बड़बोले शिव सेना प्रवक्ता संजय राउत ने मतदान के बीच ही ट्वीट कर बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर भविष्यवाणी की है। बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के अंतिम चरण में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा था कि उनका यह अंतिम चुनाव है। राजनीतिक प्रेक्षकों के अनुसार मुख्यमंत्री ने अंतिम चुनाव बताकर भावनात्मक कार्ड खेला है। इसी मुद्दे को आधार बनाते हुए संजय राउत ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विदाई की भविष्यवाणी की है।