Bihar Chunav 2020: पप्पू यादव बोले, नीतीश कमजोर और कृपा पर जीने वाले नेता; कर रहे इमोशनल ब्लैकमेल
Bihar Chunav 2020 जन अधिकार पार्टी के अध्यक्ष पप्पू यादव ने कहा है कि पूरे चुनाव में नीतीश कुमार थके मजबूर कमजोर और कृपा पर जीने वाले नेता दिखाई दिए। वे सिर्फ जनता को इमोशनल ब्लैकमेल करते हैं। उन्हेंं बिहार की राजनीति से संन्यास लेकर केंद्र की राजनीति करनी चाहिए।
पटना, राज्य ब्यूरो। Bihar Chunav 2020 जन अधिकार पार्टी के अध्यक्ष पप्पू यादव ने कहा है कि इस बार पूरे चुनाव में नीतीश कुमार थके, मजबूर, कमजोर और कृपा पर जीने वाले नेता दिखाई दिए। पिछले विधानसभा चुनाव में उन्होंने डीएनए को मुद्दा बनाया था और इस बार मुख्यमंत्री के रूप में आखिरी मौके को। वे सिर्फ जनता को इमोशनल ब्लैकमेल करते हैं। उन्हेंं अब बिहार की राजनीति से संन्यास ले लेना चाहिए और केंद्र की राजनीति करनी चाहिए। पप्पू यादव शुक्रवार पटना में प्रेस से बात कर रहे थे।
चुनाव प्रचार में अपनी प्रतिज्ञा यात्रा पर पप्पू ने कहा कि जाप ने इस बार 156 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने 204 सभाएं की और 100 से अधिक घंटा जनता को संबोधित किया। उन्होंने कहा की बिहार के 30 वर्षों के महापाप को धोने के लिए उन्हेंं सिर्फ तीन साल चाहिए। भाजपा पर हमलावर होते हुए पप्पू ने कहा कि भाजपा नीतीश कुमार को हराना चाहती है।
पप्पू यादव ने कहा कि भाजपा चाहती है कि इस बार मुख्यमंत्री उनका बने। इसलिए लोजपा को अलग किया गया और फंडिंग की। अगर मुकेश सहनी की पार्टी वीआइपी को 11 सीटें मिल सकती हैं तो क्या चिराग को एनडीए का हिस्सा रखते हुए 30 सीटें नहीं मिल सकती थी? महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव को युवराज कहते हुए पप्पू यादव ने कहा कि युवराज ने अपने भाषण में कभी नरेन्द्र मोदी के खिलाफ नहीं बोला।
पप्पू ने तेजस्वी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वे हमेशा नीतीश कुमार पर हमला बोलते रहें। इससे पता चलता है कि भाजपा और राजद के बीच कोई डील हुई है। इसी के तहत तेजस्वी यादव के खिलाफ हो रही जांच रोक दिए गए। अब कोई पूछताछ क्यों नहीं हो रही? प्रेस कॉन्फ्रेंस में हरे राम महतो, राजू दानवीर सहित पार्टी के अन्य नेता मौजूद रहें।